मथुरा में दबंग नकल माफिया ने पैसे न देने पर बीए के परीक्षार्थी को बेहोश होने तक पीटा

-डेढ़ घंटे पूर्व ही छीन ली कॉपी, मोबाइल तोड़ा, एडमिट कार्ड छीना
-अपराधियों की भांति छात्र के गुप्तांगों पर किए 8-10 लोगों ने हमला

मथुरा। जनपद में बलदेव के गांव मगना के कॉलेज में नकल माफियाओं ने पैसे ने देने पर एक परीक्षार्थी को तब तक पीटा जब तक वह बेहोश न हो गया। वहीं समय पूर्व ही छात्र की कॉपी छुड़ा ली। कॉलेज से बाहर मोबाईल फोन पर रिकॉर्डिंग करने पर उसका मोबाइल तोड़ दिया। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लीला देवी डिग्री कॉलेज में तनिष्क शर्मा पुत्र ब्रह्मदेव शर्मा निवासी द्वारिकेश पुरम, अमर कॉलोनी गोवर्धन रोड, मथुरा छह मार्च को तीन से पांच बजे की पाली में बीए प्रथम सेमेस्टर अर्थशास्त्र की परीक्षा दे रहा था। कॉलेज के प्रबंधक एवं स्टाफ उससे कई दिन से नकल कराने के लिए चार हजार रुपए मांग रहे थे। परीक्षार्थी द्वारा नकल नहीं करने और पैसे न देने पर उससे डेढ़ घंटे बाद ही 4:30 बजे कॉपी जबरन छुड़ा ली तथा उसको बाहर भगा दिया। तनिष्क ने बाहर आकर अपने मोबाइल फोन से कॉलेज और समय पूर्व बाहर निकालने की रिकॉर्डिंग करनी शुरु कर दी। तभी कॉलेज स्टाफ के 8-10 लोगों ने बाहर आकर उस को जमकर मारपीटा। उसे हाथ, पैर, मुंह, गुप्तांग पर जमकर प्रहार किए गए। कॉलेज स्टाफ उसे तब तक पीटते रहा जब तक कि वह बेहोश नहीं हो गया। उन्होंने तनिष्क का एडमिट कार्ड भी छीन लिया। कॉलेज के बाहर तैनात होमगार्ड ने भी शिकायत करने पर उल्टे 420 के मुकदमे फंसाने की धमकी दी।
तनिष्क ने जब घर लौटकर पिता को जानकारी दी तब पिता ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। वहीं अगले दिन थाना बलदेव में कॉलेज स्टाफ के 8-10 लोग एवं एक होमगार्ड के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष संजय त्यागी ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जांच पड़ताल कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। बताया जाता है पूर्व में इसी कॉलेज द्वारा छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति में भी घोटाला किया था। इस मामले में लंबे समय तक कॉलेज की जांच पड़ताल चलती रही। बाद में मामला सांठ गांठ कर रफा-दफा करा दिया गया था हालांकि इसकी जांच अभी तक पूरी नहीं हो सकी है।