मथुरा के नारी निकेतन से तीन किशोरी संवासनियों ने किया गार्ड की आखों में मिर्च झोंककर भागने का प्रयास
मथुरा। महानगर के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित नारी निकेतन में महिला संवासनियों ने महिला होम गार्ड पर हमला कर भागने का प्रयास किया है। मगर घायल होमगार्ड ने हिम्मत करके बाहर आकर नारी निकेतन का मैन गेट बंद कर दिया जिस कारण भागने में कोई सफल नहीं हो सका। घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गये।
बताया जाता है कि रविवार सुबह शहर के स्वामी घाट स्थित नारी निकेतन में तीन संवासनियों ने महिला होम गार्ड पर हमला कर भागने का प्रयास किया। महिला संवासनियों ने सुरक्षा कर्मी महिला होम गार्ड अनिता शर्मा, विमलेश के आंखों में लाल मिर्च पाउडर फैक मारा फिर एक साथ मारपीट कर भागने लगी। सुरक्षाकर्मी की सूझबूझ के आगे प्रयास विफल हो गया। घायल महिला गार्ड ने बाहर निकल कर मैन गेट में ताला लगा दिया। घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का निरीक्षण किया। बताया जाता है कि हमलावार तीनो किशोरी अभी तीन चार दिन पहले बाल कल्याण समिति के आदेश पर नारी निकेतन में आयी थी। वर्तमान में नारी निकेतन में 15 किशोरी और महिला के अलावा तीन बच्चे भी है। नारी निकेतन में महिला संवासनिया की हमला और भागने की घटना पहले भी घटित हो चुकी है।