वृंदावन।
धार्मिक नगरी वृंदावन में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पागल बाबा बिजली घर पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा प्रदेश सचिव भारत भूषण शर्मा और युवजन सभा महानगर अध्यक्ष अंकित वार्ष्णेय ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए भारत भूषण शर्मा ने कहा कि वृंदावन में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। भीषण गर्मी के दौर में घंटों बिजली गुल रहने से आम जनता, व्यापारी वर्ग और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल, पंखे, कूलर जैसी बुनियादी सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। कई मोहल्लों में ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड के चलते बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, जर्जर ट्रांसफार्मरों को बदला जाए और अनावश्यक कटौती बंद की जाए।
वहीं अंकित वार्ष्णेय ने स्मार्ट मीटर को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर ये मीटर तेज चलने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत अधिनियम 2003 के तहत जबरदस्ती मीटर नहीं लगाए जा सकते। साथ ही प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में बदलने पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मथुरा और वृंदावन में लागू नई वर्टिकल व्यवस्था के बाद से अधिकारी शिकायतें सुनने को तैयार नहीं हैं और न ही फोन उठाते हैं।
इस दौरान पवन ठाकुर, छोटू ठाकुर, दीपक गोयल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.