ब्रज तीर्थ विकास की परियोजनाओं का सांसद हेमामलिनी ने देखा प्रजेंटेशन

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की विभिन्न परियोजनाओं का शनिवार को सांसद हेमामलिनी के समक्ष प्रजेंटेशन किया गया। इसमें मंदिरों में फसाड लाइटिंग लाइट एंड शो प्रवेश द्वार निर्माण कुंडों का पुनर्निर्माण सांस्कृतिक एंड धार्मिक स्थलों का विकास विभिन्न स्थलों पर पर्यटन सुविधा टीएफसी, जनसुविधा ओडोटोरियम सहित बरसाना रोप-वे और वृंदावन का प्रस्तावित रोपवे का प्रजेंटेशन हुआ।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की मौजूदगी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद हेमामलिनी ने अबत क परिषद द्वारा तैयार की गई योजनाओं के प्रजेंटेशन को देखा। इसमें वृंदावन का अन्नपूर्णा भवन, बरसाना का राधारानी जलपान गृह, वृंदावन टीएफसी, श्रीकृष्ण जन्म स्थान, बरसाना का राधारानी मंदिर, नंदगांव मंदिर, कुसुम सरोवर, रसखान समाधि स्थल, यमुना पुल की फसाड लाइटिंग और लाइट एंड साउंड शो शामिल रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने क्रियान्वित योजना गोकुल में वासुदेव वाटिका, मथुरा में जन्मस्थान के प्रवेश द्वार राया इंटरचेंज पर विशाल प्रतिमा के साथ विकास जैत नंदगांव बरसाना गोकुल और बलदेव में टीएफसी का निर्माण की वर्तमान प्रगति की जानकारी प्रजेंटेशन के दौरान दी।

इस दौरान सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने लगभग तैयार हो चुकी मथुरा के पाञ्चजन्य ओडोटेरियम, वृंदावन के ऑडिटोरियम से अवगत कराया। बरसाना रोपवे की जानकारी देते हुए सीईओ ने बताया कि यहां रोपवे का निर्माण अंतिम चरण में है, ट्रायल चल रहा है। इसके 31 जुलाई तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद अब वृंदावन रोपवे का भी प्रस्ताव है जिसकी प्रकिया प्रगति पर है। उन्होंने सांसद हेमामालिनी को बताया कि पांच बड़ी परियोजनाओं को जल्द ही शासन की स्वीकृति मिल सकती है। इसमें राया इंटरचेंज पर श्रीकृष्ण की विशाल प्रतिमा के साथ विकास संबंधी करीब 37 करोड़ की परियोजना यमुना के बंगाली घाट से कंस किला तक रिवर फ्रंट डेवलपमेंट एंड सौंदर्यीकरण संबंधी 49 करोड़ की परियोजना,गोवर्धन परिक्रमा की फसाड लाइटिंग सहित पांच परियोजना शामिल हैं, जिन्हे चुनाव पूर्व शासन को भेजा गया था।
बैठक में हेमामलिनी ने वृंदावन स्थित गीताशोध संस्थान में बन रहे ओडोटोरियम के निर्माण में हो रही देरी को लेकर निर्माण एजेंसी के लिए नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सभी योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। पर्यटन विकास की योजनाओं को ब्रज संस्कृति के अनुरूप तैयार करने को कहा। सांसद हेमामलिनी ने समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यों के साथ अधिकारियों की प्रशंसा की।
बैठक में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय नगर आयुक्त शशांक चौधरी मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष/उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह विकास प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी सहित पीडब्ल्यूडी, विद्युत, जलनिगम सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद हेमा मालिनी ने निर्माणाधीन पांचजन्य प्रेक्षागृह का निरीक्षण किया। मंच सज्जा एवं मंच व्यवस्था में सुधार सहित कुछ दिवंगत कालजयी कलाकारों के पोट्रेट लगाने का भी सुझाव दिया।