ओलावृष्टि से फसल नुकसान पर डीएम का निरीक्षण, सर्वे कर मुआवजा देने के निर्देश

मथुरा। जनपद में हाल ही में आई तेज़ आंधी, बारिश एवं ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील छाता के ग्राम चौमुंहा व पसौली तथा तहसील सदर के ग्राम देवी आटस पहुंचकर किसानों की फसलों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खेतों में जाकर वास्तविक स्थिति देखी और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बारी-बारी से अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे पूरी पारदर्शिता के साथ हो, ताकि किसी भी किसान को समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि फसल क्षति का सही और शीघ्र आकलन किया जाए, जिससे शासन द्वारा निर्धारित राहत सहायता प्रभावित किसानों को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और वास्तविक नुकसान का सही आंकलन प्रस्तुत किया जाए।