मथुरा। सम्पूर्ण ब्रज के देवालयों , ऐतिहासिक धरोहरों आदि की चित्रात्मक झांकी प्रस्तुत करने वाली पुस्तक के दिल्ली में आयोजित लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि यह काफी टेबल बुक ब्रज के पर्यटन को बढ़ाबा देगी। पुस्तक के कलेवर की प्रशंसा करते मंत्री श्री पुरी ने कहा कि ‘चल मन वृंदावन ‘ सामान्यतः प्रकाशित काफी टेबल बुक से कुछ हट कर है । इस पुस्तक की सामग्री ने इसके महत्व को बढ़ा दिया है। इसमें ब्रज कि संस्कृति , इतिहास , धर्म और विलक्षण प्रतिभा के कृष्ण भक्त पुरुषों के बारे में रोचक जानकारी दी गई है। दिली के न्यू महाराष्ट्र भवन में इस पुस्तक का लोकार्पण एक भव्य समारोह में हुआ ।
पुस्तक की मुख्य संपादक हेमा मालिनी ने इस पुस्तक के प्रकाशन की योजना का खुलासा करते कहा कि कोविड काल में डा. अशोक बंसल के सुझाव पर गोवर्धन के परासौली में महाकवि सूरदास की समाधि स्थल दुर्दशा देखकर ब्रज की धरोहरों को देश- दुनिया में प्रचारित करने का उद्देश्य से ” चल मन वृंदावन ‘ के प्रकाशन की योजना बनाई गई थी। ताकि स्थानीय स्तर पर भूली बिसरि धरोहरों के प्रति ममता पैदा हो और देश -विदेश के लोग भी जाने।
पुस्तक के सम्पादक डा. अशोक बंसल ने अपनी सम्पादकीय टीम में सुनील आचार्य को शामिल कर इस श्रम साध्य कार्य को दो वर्षों में पूरा किया। पुस्तक का प्रकाशन ‘इंडियन आयल कार्पोरेशन लिमिटेड ‘ के सहयोग से बिरला फाउंडेशन ग्रेटर नौयडा द्वारा किया गया। सांसद हेमा के अनुसार उनके प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने इस पुस्तक के संपादन और प्रकाशन में एक संयोजक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
250 पेज की इस पुस्तक में सम्पूर्ण ब्रज को ५० लेखों में समेटा गया है। अनेक लेख ऐसे हैं जिन्हे हेमा जी ने ब्रज भ्रमण के बाद सुझाया था। जैसे वृंदावन के सप्त देवालय, गुरूनानक देव, कवि जयदेव और उनका ‘ गीत गोविन्द ‘ , वंशी वट और मान सरोवर। पुस्तक में वर्णित देवालयों ,ऐतिहासिक लेखों और ब्रज के उत्सवों की चित्रात्मक झांकी से पुस्तक में चार चाँद लग गए हैं। प्रकाशक हरिवंश चतुर्वेदी ने ब्रज को सुन्दर बनाने के लिए परछाईं स्वरूप को बनाये रखने और कांक्रीट के जंगलों पर रोक लगाने का सुझाव नगर विकास मंत्री श्री पुरी से किया। इंडियन आयल कार्पोरेशन के चेयरमेन श्रीकांत माधव वैद्य ने काफी टेबल बुक को ब्रजवासियों की एक उपलब्धि बताया।
लोकार्पण समारोह में महारास का स्मरण दिलाती एक लधु नाटिका का मंचन भी हुआ जिसमें हेमा ने मंच पर आकर कलाकारों का उत्साह वर्धन किया।
इस समरोह में दिल्ली स्थित अनेक दूतावासों के राजनायिक , साहित्यकर्मी समेत उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद् के उपाध्यक्ष शैलजाकान्त मिश्रा, मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप आदि मौजूद रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.