EPFO की नई व्हाट्सएप सेवा : करोड़ों पीएफ खाताधारकों को घर बैठे मिलेगी बैलेंस और क्लेम की जानकारी

हैदराबाद । कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों अंशधारकों के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाली व्हाट्सएप हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इस नई सुविधा के माध्यम से खाताधारक केवल ‘Hello’ लिखकर अपने पीएफ बैलेंस की जानकारी, पिछले 5 ट्रांजैक्शन का विवरण और अपने क्लेम स्टेटस को रियल-टाइम में ट्रैक कर सकेंगे। ईपीएफओ ने स्पष्ट किया है कि यह सेवा सुरक्षित है और सदस्य अपनी क्षेत्रीय भाषाओं में भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

संगठन ने उपयोगकर्ताओं को फ्रॉड से सचेत रहने की सलाह दी है। सदस्यों को केवल ‘ग्रीन टिक’ वाले ईपीएफओ के आधिकारिक बिजनेस अकाउंट पर ही संपर्क करना चाहिए। ईपीएफओ ने साफ कहा है कि वह कभी भी व्हाट्सएप के माध्यम से किसी भी सदस्य से उनका पासवर्ड, [Aadhaar Redacted] लिंक संबंधी निजी जानकारी, यूएएन (UAN) पिन या ओटीपी (OTP) नहीं मांगेगा। सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए यह सेवा डिजाइन की गई है।

व्हाट्सएप सेवा के साथ-साथ ईपीएफओ ने लंबित शिकायतों और कानूनी मुकदमों के निपटारे में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हालिया आंकड़ों के अनुसार, ईपीएफओ के लंबित मामलों की संख्या अब तक के सबसे निचले स्तर पर है। पिछले एक वर्ष में अदालती मामलों में रिकॉर्ड कमी दर्ज की गई है, और 10 साल से पुराने गंभीर विवादों में लगभग 45 प्रतिशत तक का सुधार हुआ है, जिससे अंशधारकों का अनुभव बेहतर हुआ है।