मथुरा । यमुना एक्सप्रेस वे पर महावन थाना क्षेत्र में मंगलबार को अधिवक्ता ने कार में अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद की कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुन आसपास के लोग आ गए। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी एसपी देहात सहित पुलिस उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल अधिवक्ता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया जहां से परिजन बेहतर उपचार के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए। कार पर सुसाइड नोट चस्पा मिला, जिस पर पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना की वजह गृहक्लेश बताई जा रही है लेकिन पुलिस सुसाइड नोट के बारे में खुलकर नहीं बता रही। जानकारी के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत मानस नगर निवासी गौरव उपाध्याय पेशे से अधिवक्ता हैं। वह कलक्ट्रेट पर प्रैक्टिस करते हैं। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह किसी काम से महावन क्षेत्र अंतर्गत माइल स्टोन 117 पर पहुंचे। यहां सड़क किनारे उन्होंने अपनी कार खड़ी की इस बीच उनकी कार से गोली चलने की आवाज उधर से गुजर रहे राहगीरों ने सुनी तो वे रुक गए। उनकी कनपटी पर गोली लगी थी। खून से कार की सीट सन गईं थीं। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन व थाना पुलिस पहुंची। खून से लथपथ अधिवक्ता को जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हाईवे स्थित हास्पिटल रेफर कर दिया। कार से पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर कब्जे में ले ली है। फोरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की। इस संबंध में थाना प्रभारी ललित कुमार शर्मा ने बताया सुसाइड नोट में गृह क्लेश से परेशान होने की बात लिखी है। बताया जाता है कि अधिवक्ता का वरिष्ठ चिकित्सकों ने ऑपरेशन किया है मगर हालत गंभीर बनी हुई है।