शोले का वीरू बना मथुरा का प्रदीप: प्रेमिका से शादी की जिद में 160 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा, 4 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा”

​मथुरा । प्यार में लोग क्या-क्या नहीं कर गुजरते, लेकिन कान्हा की नगरी मथुरा में सोमवार को एक 19 वर्षीय युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने लोगों को मशहूर फिल्म ‘शोले’ के धर्मेंद्र (वीरू) की याद दिला दी। थाना गोविंद नगर क्षेत्र स्थित आकाशवाणी के एफएम टावर पर एक सिरफिरा आशिक करीब चार घंटे तक चढ़ा रहा। हद तो तब हो गई जब युवक ने टावर के ऊपर से ही इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग शुरू कर दी।

​जानकारी के अनुसार, थाना गोविंद नगर क्षेत्र निवासी प्रदीप (19 वर्ष) सोमवार सुबह करीब 11:15 बजे अचानक आकाशवाणी परिसर में स्थित एफएम टावर पर चढ़ गया। शुरुआत में वहां से गुजरने वाले लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी, लेकिन कुछ देर बाद जब युवक ने मोबाइल निकालकर इंस्टाग्राम पर लाइव वीडियो शुरू किया, तो परिजनों और स्थानीय लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
​देखते ही देखते यह खबर आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही युवक के पिता हरि प्रकाश बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और नीचे से ही बेटे को उतरने के लिए मिन्नतें करने लगे, लेकिन प्यार के बुखार में डूबा युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।

दोपहर की तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच करीब 160 फुट ऊंचे टावर पर युवक के बैठे रहने से मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान टावर के नीचे प्रदीप की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। कलेजे के टुकड़े को इतनी ऊंचाई पर मौत के मुंह में बैठा देख वह कई बार बेहोश हुईं।

​मामले की गंभीरता और किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए तुरंत थाना गोविंद नगर पुलिस को सूचित किया गया। प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए युवक को समझाने और नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। नीचे जाल और गद्दे बिछाने की तैयारी भी कर ली गई थी।

​स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक के पिता सब्जी बेचने का काम करते हैं और परिवार किराए के मकान में रहता है। प्रदीप तीन भाइयों में सबसे छोटा है और बताया जा रहा है कि उसे नशे की लत भी है। करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए प्रदीप की दोस्ती ग्वालियर की एक युवती से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। चूंकि युवती के परिजन इस शादी के खिलाफ थे, इसलिए प्रदीप ने दबाव बनाने के लिए यह आत्मघाती रास्ता चुना।

​पुलिस की कड़ी मशक्कत, परिजनों की मिन्नतों और घंटों की समझाइश के बाद दोपहर लगभग 3:30 बजे युवक आखिरकार नीचे उतरने के लिए राजी हुआ। करीब 4 घंटे तक 160 फीट की ऊंचाई पर बिना पानी और भीषण गर्मी में रहने के कारण, जैसे ही प्रदीप के पैर जमीन पर पड़े, वह गश खाकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पानी पिलाया और हिरासत में लेकर थाने ले आई। ​थाना पुलिस का कहना है कि युवक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।