कमिश्नर का चाबुक: विकास प्राधिकरण की टीम ने हाईवे पर 2 कालोनियों में चलाया ध्वस्तीकरण अभियान

मथुरा। आगरा मंडल की तेजतर्रार कमिश्नर रितु माहेश्वरी के सख्त रुख के चलते शुक्रवार को मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित आजमपुर एच.पी. पेट्रोल पम्प के पास जवाहर सिंह व सेनापति कुन्तल द्वारा क्रमशः 2000 वर्ग मी. व 1500 वर्ग मी. पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध प्राधिकरण द्वारा उ.प्र. नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं में वाद संख्या-612/2021-22 व 613/2021-22 योजित करते हुए बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की है। दोनों अवैध विकसित की जा रही कॉलोनियों में बने पक्के निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। अवर अभियंता मनीष तिवारी के अनुसार विकासकर्ताओं को अपना पक्ष रखने हेतु पर्याप्त अवसर प्रदान किये गये परन्तु अवैध रूप से की गई प्लाटिंग व विकास कार्य को न तो हटाया गया एवं न ही शमन आदि हेतु आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किये गये जिसके पश्चात सचिव मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण द्वारा 30 मई 22 व 30 नव 22 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किये गये। ध्वस्तीकरण आदेशो के प्रति मौके पर चस्पा की गई।

आयुक्त आगरा मण्डल रितु माहेश्वरी द्वारा अवैध निर्माणों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किये जाने के निर्देशो के क्रम में विशेष कार्याधिकारी प्रसून द्विवेदी के निर्देशन में प्राधिकरण के अवर अभियन्ता अशोक चौधरी मनीष तिवारी सुनील राजौरिया व प्रवर्तन दस्ते द्वारा दोनो अवैध कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। प्राधिकरण के जेसीबी द्वारा स्थल पर तीन दुकानें व एक ऑफिस के साथ लगभग 250 मी0 लम्बी इण्टरलॉकिंग सड़क व नाली को ध्वस्त किया गया। स्थल पर शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु जिलाधिकारी द्वारा नामित उपजिलाधिकारी अशोक कुमार द्वितीय, चौकी वाद थाना-रिफाइनरी के राज बहादुर सिंह, मोहित यादव, सुरेश चन्द्र, सुभाष चन्द्र व देवेन्द्र सिंह आदि पुलिस बल उपस्थित रहे। इस संबंध में प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी श्री द्विवेदी द्वारा बताया गया कि अवैध निर्माणों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही निरन्तर जारी रहेगी।