राजकुमार रावत कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे , बिट्टू से पंजा छीनने के लिए जायेंगे हाईकोर्ट
मथुरा। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस का चुनाव चिन्ह ’पंजा’ छिन जाने से मथुरा के कांग्रेसी नेताओं का बडा समूह काफी आक्रोशित है। पीसीसी सदस्य महेश पाठक ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी राजकुमार रावत है, वो निर्दलीय ही चुनाव लडेंगे। पूरी पार्टी उनके साथ है हमारी नेता प्रियंका गांधी इस मामले को लेकर काफी गंभीर है।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बुलाई गई पत्रकार वार्ता में पार्टी के बडे नेता तौकीर आलम ने आरोप लगाया है कि भाजपा के लोगों ने रणनीति बनाकर साजिश रचकर लेनदेन के तहत बिट्टू उपाध्याय को मोहरा बनाकर नामांकन कराया। इस मामले में प्रशासन को मैनेज किया गया। हम हाईकोर्ट जायेंगे, जिलाधिकारी से मुलाकात कर चुनाव चिन्ह जब्त करने की मांग करेंगे। हम मजबूती के साथ चुनाव लडेंगे और जीतेंगे। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एमएम शर्मा के आरोप पर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने चोरी करके कूटरचित चिन्ह स्कैन कराकर बटवा दिये। जिससे सभासद प्रत्याशियों में भी गलतफहमी फैल गई और ऊंहपोह की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी राजकुमार रावत से चुनाव चिन्ह पंजा छिन जाने व श्यामसुन्दर उपाध्याय को चुनाव अधिकारी द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी मानने के साथ ही पंजा चुनाव चिन्ह का असली दावेदार माने जाने पर कांग्रेस पदाधिकारियों में आक्रोश पैदा हो गया। आनन-फानन में ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी व राष्ट्रीस कांग्रेस कमेटी ने बिट्टू को पार्टी से निष्काशित करते हुए बाहर का रास्ता दिखा दिया।
सेठबाडा कार्यालय पर हुई पत्रकार वार्ता में कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी तौकीर आलम ने कहा कि इस घटनाक्रम के पीछे भाजपा है। नामांकन से पूर्व श्यामसुन्दर उपाध्याय भाजपा के बडे नेता से मिले थे और उसके बाद उन्होंने नामांकन कर दिया था। फर्जी तरीके अपनाकर उन्होंने 7क व 7ख भी जमा करा दिया था जबकि पार्टी ने उन्हें कई दफा नोटिस भी जारी किया था लेकिन वह नही माने इसलिए पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी पूर्व विद्यायक राजकुमार रावत ही है। कांग्रेस पार्टी पूरे जोर-शोर के साथ राजकुमार रावत को चुनाव लडायेगी। बिट्टू के इस तरह के कूटरचित कार्य के लिए पार्टी हाईकोर्ट जा रही है और चुनाव चिन्ह हाथ के पंजे को सीज कराकर रावत को दिलाने की कोशिश करेगी। अगर ऐसा नही होता तो राजकुमार रावत निर्दलीय प्रत्याशी होते हुए भी कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी होंगे। जिसके साथ ही कांग्रेस के हर स्थानीय नेता व कार्यकर्ताओं को हिदायत दी कि वह राजकुमार रावत के समर्थन में प्रचार-प्रसार करें। अगर कोई नेता व कार्यकर्ता अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ कार्य करता पाया गया तो उसके खिलाफ अनुशासन हीनता की कार्यवाही की जायेगी।
जब उनसे पूछा गया कि आखिर बिट्टू के पास चुनाव चिन्ह का बी फॉर्म आया कहां से इस पर उन्होंने जबाव दिया कि आगरा के प्रभारी थे कूटरचित करके नामांकन के साथ बी फार्म भी जमा करा दिया होगा। कांग्रेस की गलती को छिपाते हुए इस मामले में पूरा ठीकरा भाजपा पर फ़ोडते हुए कहा कि शुरू से ही लग रहा था कि पूरे प्रदेश में मथुरा की मेयर सीट कांग्रेस सबसे अधिक वोटो से जीतेगी। इससे भाजपा घबरा गई और भाजपा ने बिट्टू को नामांकन के लिए प्रेरित किया। इससे पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश पाठक ने कहा कि हमने नामांकन के अंतिम दिन ही कह दिया था कि प्रशासन व चुनाव अधिकारी भाजपा के दबाव में है और वह बिट्टू के पक्ष में फैसला लेंगे। कार्यकर्ता राजकुमार रावत को विजय दिलाकर कांग्रेस की इज्जत में चार चांद लगायेंगे। पत्रकार वार्ता में पूर्व विद्यायक प्रदीप माथुर, अधिकृत प्रत्याशी राजकुमार रावत, जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा, यतेन्द्र मुकद्दम, उमेश शर्मा सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।