मथुरा । शहर के थाना गोविन्द नगर क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट नंबर तीन के समीप पत्नी पर कमेंट करने पर छोटे भाई ने बड़े भाई व भतीजी की चाकुओं से गोद कर निर्मम हत्या कर दी। डबल मर्डर से परिजनों की चीख पुकार निकल पड़ी। इससे क्षेत्र अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गोविंद नगर के श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट नंबर तीन के समीप दो सगे भाई खिल्लन और संजय का मकान को लेकर दो वर्ष से विवाद चल रहा है। शुक्रवार रात आठ बजे इसी को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। परिजन ने दोनों को शांत करा दिया। खिल्लन बाहर चला गया था। देर रात वह वापस घर आया और बड़े भाई संजय और उसकी 18 वर्ष की बेटी अंजलि को चाकुओं से गोद दिया। मृतक के बेटा पृथ्वी ने बताया कि शुक्रवार की रात हम लोग नीचे खाना खा रहे थे। तभी चाचा खिल्लन अपने हाथ में कुछ लेकर आए और कमरे में चले गए। हम लोग भी खाना खाने के बाद अपने कमरे में चले गए। थोड़ी ही देर में जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आने लगे। मैं जब बाहर निकला तो देखा कि चाचा मेरे पापा को चाकू मार रहे थे। हम लोग पापा को बचाने के लिए भागे । मैंने चाचा को पकड़ा तो उन्होंने बहन को भी चाकू मार दिया। मुझे भी मारने जा रहे थे कि मेरा पैर फिसल गया। चाचा भी गिर गए फिर छत से कूदकर भाग गए।
अंजलि की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित गेट नंबर तीन के पास से फरार हो गया। इधर घर में चीख पुकार मच गई। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान संजय ने भी दम तोड़ दिया। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि खिल्लन और संजय दोनों सगे भाई हैं। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद होने के चलते झगड़ा हुआ है। आरोपी खिल्लन के खिलाफ थाना गोविंद नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी फरार है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 टीमें लगाई गई हैं। हाथरस और मुरादाबाद में दबिश के लिए टीमें गई हैं।