भाजपा ने मथुरा वृंदावन नगर निगम के महापौर प्रत्याशी के नाम का किया ऐलान , सब पर भारी विनोद अग्रवाल सुपारी

मथुरा। काफी जद्दोजहद कशमकश के बाद भारतीय जनता पार्टी ने मथुरा वृंदावन नगर निगम के प्रत्याशी पद पर महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल सुपारी
वालों के नाम का ऐलान कर दिया है। करीब दो दर्जन प्रभावी दावेदारों के नामों के बाद पार्टी हाईकमान ने विनोद अग्रवाल को सबसे उपयुक्त सर्वोत्तम प्रत्याशी माना है। भाजपा के अलावा अभी तक किसी अन्य राजनीतिक पार्टी ने महापौर प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। शनिवार सुबह से ही सोशल मीडिया पर विनोद अग्रवाल के नाम की चर्चा चल रही थी। शुक्रवार तक सभी दावेदार और उनके शुभचिंतक समर्थक अपने नाम की घोषणा का दावा तर्को के साथ जगह-जगह कर रहे थे। हालांकि अभी तक अधिकृत पुष्टि पार्टी ने नहीं की है।
सूत्रों के अनुसार पार्टी प्रत्याशी विनोद अग्रवाल के 17 अप्रैल को नामांकन के लिए पार्टी संगठन ने जोरदार तैयारी की है। केंद्र सरकार के किसी मंत्री के नामांकन में आने की चर्चा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के सभी नगर निगमों में रोड शो व जनसभाएं करेंगे। पहले चरण के चुनाव में प्रचार करने मुख्यमंत्री मथुरा इसी महीने आएंगे।
चुनाव को लेकर पूरी योजना तैयार कर ली गई है। पार्टी पूरी ताकत से ये चुनाव लड़ेगी। निकाय चुनाव में महापौर पद के नामांकन के साथ भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान का आगाज होगा। पार्टी का पूरा फोकस सभी 17 नगर निगमों और जिला मुख्यालय वाली नगर पालिका परिषदों की जीत पर है।
निगमों में होने वाले महापौर के नामांकन में केंद्र व राज्य सरकार के मंत्री, सांसद-विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी सभी नगर निगमों के साथ बड़ी नगर पालिकाओं में चुनावी सभा और रोड शो करेंगे। वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ सरकार के मंत्रियों को भी जातीय समीकरण के लिहाज से चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी जाएगी।