मथुरा । जनपद मथुरा में सर्विलांस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए CEIR पोर्टल की मदद से विभिन्न थानों से गुम हुए कुल 527 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अपराध श्वेता यादव ने बताया कि बरामद मोबाइलों में से 248 फोन आज पुलिस कार्यालय में उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए, जबकि 279 मोबाइल पहले ही संबंधित थानों के माध्यम से लौटाए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान में थाना वृंदावन का योगदान सबसे अधिक सराहनीय रहा, जहां से अकेले करीब 207 मोबाइल फोन रिकवर किए गए।
एसपी अपराध ने कहा कि मथुरा पुलिस आधुनिक तकनीक का उपयोग कर लगातार गुम संपत्ति की बरामदगी में जुटी है और CEIR पोर्टल इस दिशा में बेहद प्रभावी साबित हो रहा है। खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने मथुरा पुलिस की इस कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की।