वृन्दावन। धर्मनगरी वृन्दावन के कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत दुर्गापुरम (पानीघाट) इलाके में शनिवार की रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद कमरे में युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार दुर्गापुरम मोहल्ले में एक कमरे के अंदर से बंद होने और कोई हलचल न होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुँची वृन्दावन कोतवाली पुलिस और UP-112 की टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विभाग को भी बुला लिया।
जब फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का नजारा भयावह था। युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला जबकि युवती का शव पास ही बेड पर पड़ा था। युवती के गले पर निशान पाए गए हैं जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर पी.पी. सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। युवक के चचेरे भाई ने भी इस बात की पुष्टि की है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे।
सीओ सदर पी.पी. सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक ने पहले युवती की गला दबाकर हत्या की और उसके बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। घटनास्थल पर महिला सब-इंस्पेक्टर और महिला कांस्टेबलों की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।