मथुरा में अग्निवीर भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, पुलिस ने किया भंडाफोड़

मथुरा । थाना सदर बाजार पुलिस ने अग्निवीर भर्ती में मेडिकल पास कराने के नाम पर युवाओं से धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से पीड़ितों की मार्कशीट और नकदी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 को सुबह करीब 11:40 बजे क्लैन्सी स्कूल के पास बिजलीघर मार्ग से कन्हैया (24) निवासी थाना राया और श्यामवीर (26) निवासी थाना महावन को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ थाना सदर बाजार में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था।
मामले में 30 अप्रैल 2026 को दर्ज एफआईआर के अनुसार आरोपियों ने एक युवक को अग्निवीर भर्ती में मेडिकल पास कराने का झांसा देकर 20 हजार रुपये ले लिए। साथ ही जमानत के तौर पर उसकी 12वीं कक्षा की यूपी बोर्ड मार्कशीट भी अपने पास रख ली। जांच के दौरान सेना के आसूचना विभाग से भी आरोपियों के संबंध में इनपुट मिले। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो इंटरमीडिएट मार्कशीट और कुल 14,050 रुपये नकद बरामद किए हैं।

थाना सदर बाजार प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।