मथुरा। जिला कारागार में निरुद्ध एक कैदी की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी में मौत का कारण दिल का दौरा बताया जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय कुशलपाल पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी नौझील के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 5 महीनों से संगीन धाराओं में जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह अचानक उसे सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
जेल के चिकित्सक ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, कुशलपाल 25 दिसंबर से जेल में बंद था और उस पर जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज थे।
जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दिल का दौरा पड़ने का लग रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रहा है। घटना के बाद जेल परिसर में चर्चा और आशंका का माहौल बना हुआ है।