राज्य स्तर पर नगर निगम को प्राप्त हुई चौथी रैंक
मथुरा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में नगर निगम मथुरा वृंदावन को संपूर्ण भारत में 49 स्थान प्राप्त हुआ है जबकि पिछले वर्ष नगर निगम को 83 वा स्थान प्राप्त हुआ था । इस बार नगर निगम ने 34 स्थान ऊपर की छलांग लगाई है और यदि यूपी राज्य स्तर पर देखा जाए तो नगर निगम को चौथा स्थान हासिल हुआ है। इसी कड़ी में स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के प्रेरक दौड़ सम्मान में नोएडा को अनुपम (गोल्ड) जबकि मथुरा को उज्जवल (सिल्वर) स्थान राष्ट्रीय स्तर पर मिला है। बड़ी उपलब्धि को हासिल करने पर महापौर डा मुकेश आर्य बंधु और नगर आयुक्त अनुनय झा ने सभी मथुरा वृंदावन वासियों का आभार व्यक्त किया है।
नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में राष्ट्रपति द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के परिणाम की घोेषणा की गयी।
नगर निगम मथुरा-वृन्दावन ने डोर टू डोर कलैक्षन, स्ट्रीट क्लीनिंग, सार्वजनिक शौचालय संचालन, व्यवसायिक क्षेत्रों की सफाई, आवासीय क्षेत्रों की सफाई, नालियों की सफाई, जलाषयों की सफाई, डलावघर जीवीपी की सफाई में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किये हैं।
इस उपलब्धि पर महापौर डा. मुकेश आर्य बन्धु ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में हमारा नवगठित नगर निगम पुरानी गठित निगमों की तुलना में काफी बेहतर प्रयास कर रहा है। संसाधनों में निरंतर बढोत्तरी की जा रही है। स्वच्छता के क्षेत्र में जनसहयोग से भविष्य में और अधिक सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं ।
नगर आयुक्त अनुनय झा का कहना है कि मथुरा-वृन्दावनवासियों के सहयोग से स्वच्छता सर्वेक्षण में निगम को गौरवमयी स्थान प्राप्त हुआ है। स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर नवीन तकनीकों का प्रयोग करके नवाचार किये जा रहे हैं।
प्रेरक दौड सम्मान में उत्तर प्रदेश के 03 शहरों को सम्मान मिला है जिसमें नोएडा को अनुपम (गोल्ड), मथुरा उज्ज्वल (सिल्वर) और गजरौला उज्ज्वल (सिल्वर) पदक मिला है। यह सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर मिला है।