मथुरा में भाई बना हैवान: गड़ासा से की हत्या, बचाने आई मां पर भी जानलेवा हमला

मथुरा। जनपद के थाना मगोर्रा क्षेत्र के एहरन गांव में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया जहां सगे भाई ने ही भाई की गड़ासा मारकर निर्मम हत्या कर दी। इतना ही नहीं बीच-बचाव करने पहुंची मां पर भी आरोपी ने बेरहमी से हमला कर दिया।
बताया गया कि बीती रात निरंजन और मेघश्याम के बीच पारिवारिक बात को लेकर विवाद हुआ जिसमें मेघश्याम की पत्नी दुर्गेश के शामिल होने के बाद झगड़ा और उग्र हो गया। इसी दौरान मेघश्याम गड़ासा ले आया और निरंजन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। करीब रात 10 बजे हुए इस खूनी संघर्ष में जब मां ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। मृतक के पिता के अनुसार निरंजन की पत्नी पिछले एक साल से मायके में रह रही थी इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में तनाव था। दोनों भाइयों की पत्नी आपस में बहन है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी मेघश्याम और उसकी पत्नी फरार हो चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।