मथुरा के नए सीडीओ ने संभाला पदभार : राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र को मिलेगा : मनीष
मथुरा, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। रामपुर से मथुरा स्थानांतरित होकर आये आईएएस मनीष मीणा ने बुधवार को राजीव भवन पहुंचकर मुख्य विकास अधिकारी का पद भार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण के उपरांत नवागत मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीणा ने कहा कि उनका पूरा प्रयास रहेगा कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का समाज के अंतिम पायदान पर रहने वाले आम व्यक्ति को लाभ मिल सके। उन्होने कहा कि कुछ खामियों के कारण जनपरक योजनाओं का लाभ आम लोग नहीं ले पाते उस पर मथुरा में पूरा फोकास करवाया जायेगा।
सन् 2019 बैच के आईएएस अधिकारी मनीष मीणा राजस्थान के महत्वपूर्ण जनपद दौसा के समीप के निवासी है। उन्होंने अपना प्रशिक्षण काल प्रधानमंत्री के संसदीय जनपद वाराणसी में पूरा किया, उसके बाद रामपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात रहे। उन्होंने बताया वह गुरुवार को मुख्यमंत्री के फरह आगमन के कारण व्यस्त रहेंगे। शुक्रवार से उनका अपने अधीन कार्यालयों का निरीक्षण और जन सुनवाई पर पूरा ध्यान रहेगा।