अनुज सिंघल
– 23 सितंबर को जन्मोत्सव हवन के साथ मनाया जायेगा दीनदयाल जी का 107 वां जन्मदिवस
– विराट किसान गोष्ठी, जन्मोत्सव हवन, विराट कुश्ती दंगल, गौ पूजन, ब्रज लोकगीत प्रतियोगिता, शोध कार्यशाला एवं राष्ट्रीय कवि सम्मेलन कार्यक्रम होंगे खास
दीनदयाल धाम (फरह)। भारत माता के अमर सपूत, एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता, महामनीषी, महान दार्शनिक एवं आदर्श राजनेता पं० दीनदयाल उपाध्याय के पावन जन्मदिवस 23 सितंबर के अवसर पर इस बार चार दिनी जन्मोत्सव समारोह 22, 23, 24 एवं 25 सितंबर को दीनदयाल धाम में उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया जायेगा। योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार और श्रीमती आनन्दीवेन पटेल राज्यपाल उत्तर प्रदेश और चम्पतराय महामंत्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कार्यक्रम मेले में शामिल होने के लिए अलग अलग दिन आ रहे हैं। मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कोरोना संक्रमण के दो वर्ष बाद इस बार जन्मोत्सव समारोह अपने पुराने स्वरूप में जनभागीदारी के साथ पूरे उत्साह के साथ आयोजित होगा। जन्मोत्सव समारोह का शुभारम्भ हवन के साथ 22 सितंबर को और समापन 25 सितंबर को राष्ट्रीय कवि सम्मेलन के साथ होगा।
उक्त जानकारी पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव समिति के अध्यक्ष अशोक टैंटीवाल ने रविवार को पं० दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दीनदयाल धाम, फरह में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि चार दिवसीय जन्मोत्सव मेला का शुभारम्भ 22 सितंबर को प्रातः 8:30 बजे से दीनदयाल धाम राधाकृष्ण मंदिर पर सामूहिक हवन के साथ होगा। इसी दिन प्रातः 9 बजे प्रदर्शनी स्थल पर रंगोली प्रतियोगिता और पूर्वान्ह 11 बजे से योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ग्राम्य विकास प्रदर्शनी एवं विराट किसान गोष्ठी का उद्घाटन कर किसानों को संबोधित करेंगे। सायं 3 बजे से कुश्ती दंगल। सायं 7 बजे शिशुओं का रंगमंचीय कार्यक्रम एवं रात्रि 10:00 बजे से रसिया दंगल कार्यक्रम होगा।
श्री टैंटीवाल ने बताया कि पंडित जी का जन्मोत्सव हिंदू सनातन संस्कृति के अनुसार आश्विन कृष्ण त्रयोदशी संवत् 2079 तद्नुसार 23 सितंबर को स्मारक भवन में हवन व बधाई गीत के साथ प्रातः 8 बजे से मनाया जाएगा। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता प्रातः 9:00 बजे से, अपरान्ह एक बजे से विचार गोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में चंपत राय महामंत्री श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का उद्बोधन प्राप्त होगा। सायं 3 बजे से विराट कुश्ती दंगल और सायं 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
महामंत्री कमल कौशिक के अनुसार तीसरे दिन 24 सितंबर को प्रातः 9 बजे से दीनदयाल कामधेनु गौशाला में गौपूजन होगा। अपरान्ह 11 बजे से कृष्ण स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता होगी। अपरान्ह 2 बजे से लोकगीत प्रतियोगिता होगी जिसमें मुख्य अतिथि रेनू पाठक महासचिव राष्ट्रीय सेवा भारती एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. अनुराधा भाटिया रहेंगी। इसी दिन सायं 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि 10 बजे से जिकड़ी भजन होंगे।
समिति के कोषाध्यक्ष नरेंद्र पाठक ने बताया कि मेला समापन के दिन 25 सितंबर को शोध कार्यशाला का शुभारंभ श्रीमती आनन्दीवेन पटेल महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश करेंगी। डॉ. रोशन लाल, उपाध्यक्ष स्मारक समिति ने बताया कि 25 सितंबर को सायं 5 बजे प्रदर्शनी स्टाल प्रतियोगिता होगी और सायं 5:30 बजे से विश्वकर्मा सम्मान एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय समान्य ज्ञान प्रतियोगिता विजेता सम्मान कार्यक्रम होगा, जिसमें डॉ० हरीश रौतेला प्रांत प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ब्रज प्रांत रहेंगे।
डॉ. हरि सिंह भदौरिया मंत्री दीनदयाल कामधेनु गौशाला ने बताया कि रात्रि 8 बजे से राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें प्रमुख कवि अनामिका जैन अंबर, कविता तिवारी, डॉ. हरिओम पवार, डॉ. विष्णु सक्सेना, कमलेश मौर्य मृदु, शिव कुमार व्यास, गजेंद्र सोलंकी, सचिन दीक्षित, रामखिलाड़ी स्वदेशी व अन्य जाने-माने कवि अपनी कविताओं से लोगों को रोमांचित करेंगे।
स्मृति महोत्सव समिति के प्रचार मंत्री मुकेश शर्मा ने बताया कि लोक कला और लोक संस्कृति को समर्पित इस चार दिवसीय मेला का मुख्य आकर्षण डिजिटल प्रदर्शनी होगी। जन्मोत्सव समारोह में खान-पान की दुकानें, झूला, हुनर हाट, एक जिला- एक उत्पाद, जैविक खाद बनाना और कृषि प्रदर्शनी मेला का खास आकर्षण होंगे। जन्मोत्सव पर दीनदयाल धाम में जगह- जगह दीप प्रज्जवलित किये जायेंगे।
प्रेस वार्ता में बृज मोहन गौड़ जगमोहन पाठक भीकमचंद दुवे राजदर्शन पचौरी ठा. महिपाल सिंह मधुकर चतुर्वेदी अंशुल गोस्वामी रीना सिंह ओम प्रकाश निषाद शशिकांत तिवारी हरेंद्र सारास्वत हरिओम पाठक एवं ब्रजेश पचौरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।