धूम्रपान से कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा, लोगों को जागरूक होने की जरूरत

मथुरा। बुधवार को देशभर के साथ-साथ जनपद मथुरा में भी धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में महानगर के महर्षि दयानंद सरस्वती जिला चिकित्सालय परिसर स्थित एनसीडी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज अग्रवाल ने कहा कि जनमानस को धूम्रपान से दूर रहना चाहिए क्योंकि इससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान का फेफड़ों और शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों पर बेहद बुरा प्रभाव पड़ता है। साथ ही स्मोकिंग करने से आसपास का वातावरण भी प्रदूषित होता है जिससे अन्य लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
इस अवसर पर डॉ. अमन ने कहा कि सिगरेट और बीड़ी पीने वाले लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में धूम्रपान के साथ-साथ कई प्रकार के नशे भी लोगों के जीवन को बर्बाद कर रहे हैं। “स्मोकिंग करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है” इस संदेश को सभी को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. अमरचंद, डॉ. अमिताभ पांडेय, डॉ. लाल सिंह, डॉ. रितु रंजन, दिव्या, स्टाफ नर्स मोनिका, शिल्पी, मनीष सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।