वृंदावन में क्रांति की धमक से अतिक्रमणकारियों के हौसले पस्त

मथुरा । मथुरा वृंदावन नगर निगम में जब से अपर नगर आयुक्त क्रांति शेखर ने कार्यभार संभाला है तभी से ही वृंदावन में अवैध कब्जे और अतिक्रमण करने वालों की आफत आ गई है। पिछले एक पखवाड़े से निरंतर क्रांति शेखर की टीम द्वारा सरकारी भूमियों और ऐतिहासिक धरोहरों पर किए गए अवैध कब्जे और बाजारों में से अतिक्रमण साफ कराए जाने की कार्रवाई युद्ध स्तर पर की जा रही है। इस संबंध में अपर नगर आयुक्त क्रांति शेखर का कहना है कि नगर आयुक्त अनुनय झा ने कड़े आदेश दे रखे हैं कि वृंदावन क्षेत्र में कहीं भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे नहीं होने पाए और जिन लोगों ने कर रखे हैं उनको तत्काल मुक्त कराया जाए। सूत्रों का कहना है कि निगम द्वारा की गई कार्रवाई से अब तक करोड़ों रुपए की कीमती जमीन मुक्त करा कर उन पर निगम की संपत्ति के बोर्ड लगाए जा चुके हैं।
17 सितंबर को ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर बरहा घाट मुख्य परिक्रमा मार्ग पर वृंदावन खादर के खसरा संख्या 50 क्षेत्रफल लगभग 2000 वर्ग मीटर भूमि को अपर नगर आयुक्त द्वारा स्वयं अपनी उपस्थिति में दशकों वर्ष पूर्व से किए गए कब्जे को हटाते हुए इस सरकारी भूमि को अपने संरक्षण में लिया गया एवं भूमि पर संपत्ति नगर निगम मथुरा वृंदावन के बोर्ड भी लगवाए गए। उक्त भूमि की बाजारी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपया है उक्त भूमि ठाकुर बांके बिहारी जी के मुख्य मार्ग परिक्रमा मार्ग पर स्थित होने के कारण जनहित की विभिन्न योजनाओं के लिए यह जमीन काफी बहु उपयोगी साबित होगी।