मथुरा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ डी पी गोयल के जनरल गंज चौराहा स्थित गोपी कृष्ण नर्सिंग होम में एक विवाहिता की प्रसव के बाद मौत हो जाने से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जमुना पार के अजय नगर निवासी सचिन कुमार की डेढ़ वर्ष पूर्व रश्मि के साथ शादी हुई थी। 24 वर्षीय रश्मि को प्रसव के लिए शनिवार सुबह उक्त नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। दोपहर में ऑपरेशन के पश्चात सचिन के एक बेटी पैदा हुई। रात तक जच्चा और बच्चा दोनों सही सलामत थे। परिजन खुशी में झूम कर एक दूसरे को मिठाई खिला रहे थे इस बीच अचानक रश्मि की हालत बिगड़ने लगी दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई तो पति स्टाफ नर्स के पास पहुंचा तो उसकी एक भी नहीं सुनी और ऑपरेशन में दर्द होने की बात कहकर उसको टरका दिया।

मृतका के पति का आरोप है कि इलाज के लिए बार-बार विनती करता रहा मगर स्टाफ नर्स गहरी नींद में सोता रहा। न स्टाफ ने चिकित्सकों को बुलाया न ही खुद ने मरीज को एक बार देखा। आखिर कार दर्द और सांस लेने से परेशान प्रसूता ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही परिजन रिश्तेदार और ग्रामीण भारी संख्या में हॉस्पिटल पहुंच गए जमकर हंगामा काटा। अस्पताल का घेराव कर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर उत्पात मचाया। हंगामे की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक कुमार, कोतवाली प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नर्सिंग होम के संचालक डॉ. डी.पी गोयल ने बताया कि वह इस समय सिडनी (आस्ट्रेलिया) में है उनको कोई जानकारी नही है।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.