कृष्णकुलम स्कूल ने रचा इतिहास 10वीं में सातवीं बार 100 प्रतिशत परिणाम

मथुरा । कृष्णकुलम सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए सीबीएसई कक्षा 10वीं में शत प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। खास बात यह रही कि सभी विद्यार्थियों ने बिना किसी कोचिंग और बिना डमी एडमिशन के यह सफलता प्राप्त की। लगातार सातवें वर्ष 100 प्रतिशत परिणाम देकर विद्यालय ने जिले में एक नई मिसाल कायम की है।

सीबीएसई परीक्षा परिणाम में नीवी अग्रवाल और रीतिका चौधरी ने 92.6 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। अंकुश पचहरा हेमांग गर्ग और अर्पिता उपाध्याय ने 91.6 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। प्रशांत शर्मा ने 91.4 प्रतिशत कुमारी मानवी ने 90.8 प्रतिशत देवेश शर्मा ने 90.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। गरिमा गोधर ने 89.6 प्रतिशत तुलसी सिंह ने 89.4 प्रतिशत और कृतिका उपाध्याय ने 89.2 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। रीतिका चौधरी ने आईटी विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि दर्ज की।

परिणाम के आंकड़े भी विद्यालय की गुणवत्ता को दर्शाते हैं। 16 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक 28 प्रतिशत ने 85 प्रतिशत से अधिक 30 प्रतिशत ने 80 प्रतिशत से अधिक और 48 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत तस्वीर पेश करती है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया। छात्र छात्राओं ने शिक्षकों के प्रति आभार जताया जबकि अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना की। इस अवसर पर मिठाइयां बांटी गईं और एक दूसरे को बधाई दी गई।

विद्यालय के निर्देशक कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि समर्पण अनुशासन और सही मार्गदर्शन से बिना कोचिंग के भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही 11वीं में प्रवेश लेने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति की घोषणा भी की गई।
एकेडमिक डायरेक्टर पवन इन्द्रमणि ने विद्यार्थियों की मेहनत को सराहते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और मजबूत संकल्प ही सफलता की कुंजी है। सचिव दीपक मुकुटमणि ने इसे विद्यार्थियों शिक्षकों और अभिभावकों की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया।

प्रधानाचार्या शुभम गोधर ने कहा कि यह सफलता अनुशासन निरंतर अभ्यास और शिक्षकों की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उप प्रधानाचार्य प्रदीप सिंह सहित सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कृष्णकुलम स्कूल की यह उपलब्धि ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरी है जहां बिना कोचिंग और पूरी तरह विद्यालय आधारित शिक्षा व्यवस्था से शानदार परिणाम हासिल किए गए।