राजकीय जिला पुस्तकालय में डॉ. संजय शर्मा ‘वागर्थ’ की पुस्तक ‘दोहा आलोक’ का भव्य विमोचन

​मथुरा । राजकीय जिला पुस्तकालय, मथुरा में गुरुवार को एक गरिमामय साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. संजय शर्मा ‘वागर्थ’ द्वारा रचित नवीन पुस्तक ‘दोहा आलोक’ (अनुभव और अनुभूति के स्वर) का विमोचन मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) डॉ. रवींद्र सिंह एवं विशिष्ट अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी (माध्यमिक) शैलेन्द्र सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

​विमोचन के उपरांत लेखक डॉ. संजय शर्मा ‘वागर्थ’ ने अपने उद्बोधन में कहा कि शैक्षणिक विषयों पर उनकी अनेक पुस्तकें पूर्व में प्रकाशित हो चुकी हैं, लेकिन साहित्य की बहुप्रचलित काव्य विधा ‘दोहा’ पर आधारित यह उनकी प्रथम कृति है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक साहित्य प्रेमियों के लिए विशेष पठनीय सिद्ध होगी। ​मुख्य अतिथि डॉ. रवींद्र सिंह ने डॉ. शर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, विशिष्ट अतिथि शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि पुस्तकें सदैव समाज का मार्गदर्शन करती आई हैं और ‘दोहा आलोक’ इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

​कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. राजीव पाण्डेय ने पुस्तक की सफलता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। संस्कृत भारती के प्रांतीय मंत्री डॉ. धर्मेन्द्र अग्रवाल ने संस्कृत और हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में डॉ. वागर्थ के सक्रिय योगदान की सराहना की। जिला समन्वयक श्यामसुंदर शर्मा ने पुस्तकों को जीवन का अभिन्न मित्र बताया, जबकि डॉ. अनिरुद्ध अवस्थी ने काव्यपाठ के माध्यम से पुस्तक के सार को प्रस्तुत किया।

​इस अवसर पर राजकीय जिला पुस्तकालय की अध्यक्षा डॉ. शारदा मिश्रा, बीएसए कॉलेज की पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ. किरण चौधरी, जिला अध्यक्ष बिजेंद्र नागर, हिन्दी प्रवक्ता राजकुमार तिवारी, आशीष मिश्रा, रामदास चतुर्वेदी, गंगाधर अरोड़ा, हरस्वरूप , देवेंद्र सिंह, पवन अवस्थी, विवेक धीमान, राहुल राजपूत और संध्या वाजपेयी सहित अनेक साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।