ठाकुर श्री श्यामा श्याम महाराज मन्दिर के जीर्णोदार के नाम पर हुई राजनीति

मथुरा। । महानगर के यमुना किनारे श्याम घाट स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक व सांस्कृतिक तथा भक्ति काल के महत्वपूर्ण अष्ट सखाओं में से एक श्री छीतस्वामी जी के संस्मरणों को संजोए ठाकुर श्री श्यामा श्याम जी महाराज के मन्दिर का धूमधाम के साथ शिलान्यास समारोह संपन्न हो गया है। कार्यक्रम में शिवसेना से विधायक एवं महाराष्ट्र सरकार के पूर्व पर्यावरण एवं पर्यटन मंत्री आदित्य उद्धव ठाकरे ने अपनी मां श्रीमती रश्मि ठाकरे बहन के साथ श्री यमुना मैया का विधिवत पूजन किया । तत्पश्चात ठाकुर श्री श्यामा श्याम जी महाराज के मन्दिर में शिलापट का अनावरण किया गया। इससे पूर्व उन्होंने बृन्दावन में बांकेबिहारीजी के तथा मथुरा में श्री राजाधिराज द्वारिकाधीश मन्दिर में भी दर्शन किए इस दौरान श्री एन आर अल्लूरी (नागार्जुन फाउण्डेशन) तथा शिवसेना से राज्यसभा सांसद, तथा कार्यक्रम की मनोरथी श्रीमती प्रियंका चतुर्वेदी साथ रहे। सभी ने छप्पन भोग के दर्शन किए।

ठाकुर श्री श्यामा श्याम जी

प्रयाग घाट स्थित सरस्वती भवन में सत्कार संगोष्ठी के बाद एक सौ एक मथुरास्थ माथुर चतुर्वेदी ब्राह्मणों को भोजन के उपरान्त पंच-वस्त्रों में जनेऊ जोड़ा रख, ग्यारह-ग्यारह सौ रुपए दक्षिणा देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम धार्मिक आध्यात्मिक आंशिक रहा, राजनीतिक अधिक। यही कारण था कि स्थानीय भाजपा ईकाई ने जहां दूरी बनाए रखी, वहीं कांग्रेस के प्रमुख गुट ने भी दूरी बनाए रखी किन्तु पूर्व विधायक माथुर प्रदीप के नेतृत्व में दूसरा गुट न सिर्फ आगे आया अपितु कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग भी किया। ठाकुर श्री श्यामा श्याम मंदिर के सेवायतों में से भी कुछ सेवायतों ने कार्यक्रम से स्वयं को पृथक रखा। अपना नाम उजागर न करने की शर्त पर उन्होंने बताया भी कि मन्दिर का पुनर्निर्माण तो हुआ ही नहीं है जो रिपेयरिंग हुई है उसे टैन्ट ठेकेदार ने पर्दों द्वारा कवर कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि मन्दिर पुनर्निर्माण हेतु आनन-फानन में एक सोसायटी गठित कर पंजीकृत करायी गई लेकिन उसके माध्यम से कार्य नहीं कराया गया जो निश्चित तौर पर शंकाओं को जन्म देता है।