नवरात्रि – रमजान को लेकर नगर निगम व्यवस्थाओं में जुटा, पेयजल के लिए हर समय रहेंगे टैंकर

मथुरा। नवरात्रि व रमजान को लेकर नगर निगम व्यवस्थाओं में जुट गया है। शहर के देवी मंदिरों व मस्जिदों के आस-पास की साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किये जा रहे है। इस संबंध में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा कैम्प कार्यालय पर सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिसमें नवरात्री पर सभी देवी मंदिरों एवं रमजान पर जामा मस्जिद के आस-पास विशेष सफाई एवं चूना छिडकाव कराये जाने के साथ ही यहां कूड़ा एवं गन्दगी एकत्रित न होने देने को लेकर चेतावनी दी गई।
इस दौरान जलकल विभाग को देवी मंदिरों के पास पेयजल हेतु पानी के टैंकर खडे करने को कहा गया है जिसमें वृन्दावन नगर में 5 एवं मथुरा में 10 पानी के टैंकर स्टैंडबाई पर रखने के निर्देश दिये गये। साथ ही देवी मंदिर एवं नमाज के स्थल के पहुंच मार्ग की मरम्मत तथा रात्रि के दौरान प्रकाश व्यवस्था सुचारू रखने को कहा गया है।
नगर आयुक्त श्री झा ने यमुना छट पर घाटों की विशेष सफाई कराने के साथ-साथ घाटों के आस-पास जमा सिल्ट की सफाई करने के अलावा वृन्दावन नगर के वार्ड सं. 70 बिहारी पुरा में सफाई हेतु नामित संस्था वी.बी.जी. द्वारा सफाई कार्य ठीक प्रकार से न कराये जाने पर संस्था को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये ।
बैठक में मुख्य अभियंता सिविल राजवीर सिंह महाप्रबंधक जल विजय कुमार मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा करीम अख्तर कुरैशी अधिशासी अभियंता सिविल एस पी मिश्रा अधिशासी अभियंता जल राधेश्याम सहित समस्त क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी, कर निर्धारण अधिकारी, सहायक अभियन्ता प्रकाश, जल आदि अधिकारी उपस्थित रहे।