बिहारी जी मंदिर में कैबिनेट मंत्री ने भारी नारेबाजी के बीच किए दर्शन , चार महिला प्रदर्शनकारियो से की कॉरिडोर को लेकर बातचीत

वृंदावन। श्रीबांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास गठन के विरोधियों ने आज सुबह प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के सामने मंदिर आगमन पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सेवायतों की पत्नियों ने काली पट्टी बांधकर नारेबाजी करते हुए मंत्री के खिलाफ विरोध जताया। विरोध के दौरान एक पुलिस अधिकारी ने उनके हाथों में लगे पेम्पलेट छीन लिए।
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जामंत्री एके शर्मा शनिवार को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे। मंदिर प्रांगण में ऊर्जामंत्री को ज्ञापन देने को पहले से ही गले में काला पटुका डाल इंतजार कर रहीं महिलाओं व मंदिर सेवायतों के पास पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने उनके हाथ में लगी तख्तियां फाड़ डालीं और धक्का मुक्की करके उन्हें मंदिर से बाहर निकलने की हिदायत दी। इस पर भी महिलाएं नहीं मानीं और ऊर्जामंत्री के मंदिर में पहुंचते ही न्यास व गलियारा विरोधी नारे शुरू कर दिए। उधर मंदिर में दर्शन को पहुंचे ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने आराध्य के दर्शन किए। इस दौरान आराध्य की आरती दर्शन खत्म हुए तो सेवायतों ने न तो ऊर्जामंत्री को प्रसादी माला पहनाई और न ही पटुका और प्रसाद दिया। मंदिर में भारी विरोध देख ऊर्जामंत्री तय रास्ता बदलकर गेट संख्या चार से बाहर निकले तो महिलाएं परिक्रमा में ऊर्जामंत्री को ज्ञापन देने पहुंच गईं। यहां पुलिस ने महिलाओं के साथ जमकर अभद्रता की उनके साथ हाथापाई की । इसके बाद महिलाएं भड़क गई और पुलिसकर्मी घेरा बनाकर ऊर्जामंत्री को बाहर निकाल सके। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शनिवार सुबह 11 बजकर 55 मिनट पर एके शर्मा दर्शन के लिए पहुंचे।
पहले से मंदिर प्रांगण में ऊर्जामंत्री को ज्ञापन देने के लिए गले में काला दुपट्टा डाले इंतजार कर रहीं महिलाओं के हाथ से सीओ संदीप सिंह ने तख्तियां छीनकर फाड़ डालीं और किसी तरह का प्रदर्शन न करने की चेतावनी भी दी। जिसे देख महिलाओं में आक्रोश उत्पन्न हो गया। इसी बीच मंदिर पहुंचे ऊर्जामंत्री एके शर्मा से महिलाओं ने बात करने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें धकिया दिया। पुलिस घेरे में ऊर्जामंत्री वीआईपी गैलरी में पहुंचे। जहां आराध्य की आरती शुरू हुई आरती के बाद मंदिर में विरोध देख ऊर्जामंत्री गेट संख्या चार से परिक्रमा में होकर लौटने लगे। ये देख विरोध प्रदर्शन कर रहीं महिलाएं परिक्रमा में पहुंच गईं और ऊर्जामंत्री को ज्ञापन देने की कोशिश की। यहां से ऊर्जा मंत्री वीआइपी मार्ग स्थित मंदिर सेवायत जुगल किशोर गोस्वामी की गद्दी पर पहुंचे। वहां भी महिलाएं प्रदर्शन करते हुए पहुंच गईं। काफी देर बाद ऊर्जामंत्री पुलिस के सुरक्षा घेरे में निकले और वीआइपी मार्ग पर कार में बैठ पागल बाबा बिजलीघर के लिए रवाना हो गए। श्री शर्मा को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के बाद सेवायतों ने न तो प्रसादी माला ही दी और न ही पटुका व प्रसाद भेंट किया। विरोध के बीच मंत्री ने चार महिलाओं को अंदर बुलाकर उनकी बातें सुनीं। महिलाओं ने कॉरिडोर निर्माण को लेकर अपनी पीड़ा मंत्री के सामने रखीं। इस पर मंत्री एके शर्मा ने कहा कि वे जनता की भावनाओं का पूरा सम्मान करते हैं और किसी भी फैसले में उनकी सहमति को प्राथमिकता दी जाएगी।