मथुरा में साइबर सेल टीम ने बैंक खाते से धोखाधड़ी कर निकाले दो लाख रु वापस कराए

मथुरा। ऑनलाइन धोखाधड़ी कर बैंक खाते से लाखों रुपए की नकदी निकाल लेने के एक मामले में मथुरा पुलिस की साइबर सेल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीड़ित के दो लाख रु वापस दिला दिए । खाते से ढाई लाख रुपए निकाले जाने से परेशान पीड़ित रु 2 लाख मिल जाने पर काफी प्रसन्न है।
अपर पुलिस अधीक्षक अपराध हरगोविंद को चंद्रपुरी कॉलोनी थाना हाईवे निवासी पीड़ित देवेंद्र सिंह ने एक शिकायती पत्र में अवगत कराया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उसके खाते से ₹2 लाख 53 हजार की धनराशि गुमराह कर हड़प ली है। पीड़ित ने इस मामले में ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी ।
एएसपी क्राइम ने गंभीरता दिखाते हुए साइबर टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास कुमार कास्टेबिल विपिन पाल विशाल कुमार अनूप कुमार को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साइबर टीम ने तकनीकी कार्रवाई के दौरान पाया कि धोखाधड़ी झारखंड राज्य के किस जिले से हैकर द्वारा की गई है। टीम ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से समन्वय कर पीड़ित के खाते में 2 लाख 5 हजार 991 रु की धनराशि वापस करा दी । धनराशि वापस आने से पीड़ित देवेंद्र सिंह की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। उसका कहना है कि उसको बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि उसकी धनराशि वापस आ जाएगी ।
अपर पुलिस अधीक्षक हरगोविंद के अनुसार थाना हाईवे में धारा 420 /467 का इस मामले में अपराध पंजीकृत हुआ था। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि साइबर अपराधी भ्रमित कर बैंक खाते क्रेडिट कार्ड आदि से संबंधित गोपनीय जानकारी अर्जित कर लेते है उसके बाद मोबाइल फोन को हैक कर यूपीआई या बैंक खाते से धनराशि निकाल लेते हैं इसलिए किसी भी अज्ञात फोन करने वाले को अपनी कोई जानकारी नहीं दे।