मथुरा में डीएम की डांट डपट के बाद ताबड-तोड छापामार कार्यवाही, 700 किलो कराया मावा नष्ट
मथुरा। दीपावली के पंच दिवसीय पर्व पर मुनाफा कमाने की फिराक में बैठे मिलाबट खोरों पर पैनी नजर रखे बैठे खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जिलाधिकारी के आदेश पर जनपद के विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्यवाही करते हुए दर्जन भर प्रतिष्ठानों से करीब 20 नमूने एकत्रित कर जांच को भेजें है। इसके अलावा विभागीय टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर मिले दूषित खाद्य-पेय पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराने की कार्यवाही भी की है।

इस क्रम में टीम ने हरि ऑयल मिल का निरीक्षण करते हुए पांच खाद्य तेलों के नमूने संग्रहित किए, छटीकरा स्थिति गिर्राज मिष्ठान भंडार का निरीक्षण के उपरांत मावा, बर्फी, सोनपापड़ी के तीन नमूना लेकर 50 किलोग्राम बर्फी को नष्ट कराया, गोविंद डेयरी, शर्मा डेयरी पंडित डेयरी से निरीक्षण के उपरांत घी के तीन सैंपल तथा गोवर्धन रोड स्थित कुशवाहा डेयरी का निरीक्षण कर घी तथा मावा का सैंपल संग्रहित करते हुए 100 किलोग्राम दूषित मावा को नष्ट कराया। टीम द्वारा सोंख क्षेत्र में सरसों तेल के कारखाने पर छापा मारा गया। हर्ष ट्रेडिंग कंपनी, राधाकृष्णन इंटरप्राइजेज एवं आकाश इंटरप्राइजेज का निरीक्षण कर तीन नमूना सरसों के तेल के संग्रहीत किए गए। राजस्थान तथा आगरा से आपूर्ति किए जा रहे दूध के टैंकर की टीम द्वारा जांच करते हुए दो नमूना दूध तथा दो नमूना मावा के संग्रहित कर 600 किलोग्राम दूषित मावा को मौके पर नष्ट कराया गया। सभी 20 नमूना को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. गौरी शंकर ने बताया कि त्यौहार के दृष्टिगत रखते हुए छापामार कार्यवाही जारी रहेगी। उन्होंने मिष्ठान विक्रेताओं तथा खादय कारोबारियों से स्वच्छ वातावरण में ही मिठाइयों का निर्माण एवं संग्रह करने की अपील की है।