वृन्दावन। नगर के गोपीनाथ बाजार स्थित ठाकुर राधा माधव बिल्ब मंगल मंदिर में शनिवार की शाम चोरी हुई राधा कृष्ण की अष्टधातु की मूर्तियों को पुलिस ने चंद घंटो में ही बरामद कर लिया है। पुलिस ने मूर्ती चुराने और खरीदने वाले को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि 400 साल पुराने बिल्व मंगल राधा माधव मंदिर से भगवान राधाकृष्ण की अष्टधातु की प्रतिमा चोरी हो गई थी । चोरी होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। ये मंदिर वृंदावन के गोपीनाथ बाजार इलाके का है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में चोरी का खुलासा कर दिया। घटना के खुलासे में लगी टीम ने मुखविर की सूचना पर चीर घाट पर अग्रवाल धर्मशाला के सामने से शातिर चोर विष्णु उर्फ भूरा निवासी वृन्दावन साथ ही मूर्ति खरीदने वाले उमेश को भी गिरफ्तार कर लिया है। भगवान राधा कृष्ण की मूर्तियों को 1600 रुपए में बेचकर फरार होने के फिराक में खड़े विष्णु को पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर खरीदने वाले के कब्जे से भगवान राधा कृष्ण की प्रतिमा के अलावा नशीला पाउडर भी बरामद किया। पुलिस ने बरामद की गई दोनों मूर्तियों को कोतवाली में लाकर रख लिया था। रविवार दोपहर मंदिर के पुजारी द्वारा कोतवाली में लाकर रखी गई मूर्तियों की विधि विधान से पूजा अर्चना के साथ आरती भी की गई। इस दौरान कोतवाली के पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। कोतवाली प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि यह प्राचीन मूर्तियां हैं इन्हें हम पूजा पद्धति से दूर नहीं रख सकते थे। इसलिए पुजारी को कोतवाली में पूजा करने के लिए कहा गया।