आगरा/मथुरा।
आयुक्त आगरा मंडल एवं मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में प्राधिकरण की 109वीं बोर्ड बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्राधिकरण की दो प्रमुख योजनाओं—हनुमत विहार आवासीय योजना-2024 और गोविन्द विहार आवासीय योजना-2025—के अंतर्गत भूखण्डों की रजिस्ट्री प्रक्रिया का विधिवत शुभारम्भ किया गया।
हनुमत विहार योजना-2024 में लॉटरी के माध्यम से कुल 220 भूखण्ड आवंटित किए गए थे जिनमें से लगभग 160 आवंटी पूर्ण भुगतान कर चुके हैं। वहीं गोविन्द विहार योजना-2025 में 121 भूखण्डों का आवंटन हुआ जिनमें से करीब 77 आवंटियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सभी आवंटी निर्धारित औपचारिकताएं पूर्ण कर रजिस्ट्री कराने के बाद अपने भूखण्ड का कब्जा प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में पूर्व 108वीं बोर्ड बैठक के निर्णयों की समीक्षा करते हुए उनके अनुपालन पर संतोष जताया गया तथा सभी स्वीकृत प्रस्तावों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। उत्तर प्रदेश टाउनशिप नीति-2023 के तहत ग्राम गांठौली और जतीपुरा में नई टाउनशिप की डीपीआर को आवश्यक विभागीय अनापत्तियों के साथ स्वीकृति दी गई। वहीं विकास बाजार की 14 अवशेष दुकानों को फ्रीहोल्ड करने के प्रस्ताव को जनसुरक्षा के मद्देनजर अस्वीकार कर दिया गया।
इसके अलावा श्री राधा वृन्दावन चन्द्र मंदिर, कृष्ण लीला थीम पार्क और ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट को दो भागों में विभाजित करने के प्रस्ताव को शर्तों के साथ मंजूरी मिली। ग्राम वाटी में हनुमत विहार योजना के लेआउट में आंशिक संशोधन को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
प्राधिकरण ने बकाया वसूली के लिए 18 अप्रैल से 17 जुलाई 2026 तक एकमुश्त समाधान योजना (OTS) लागू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
बैठक में उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन., सचिव आशीष सिंह सहित बोर्ड के अन्य सदस्य और गैर-सरकारी सदस्य भुवन भूषण, नवीन मित्तल व डीएन गौतम उपस्थित रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.