सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में मना राष्ट्रीय एकता दिवस

लखनऊ । सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश लखनऊ के सभागार में निदेशक सूचना शिशिर के निर्देशन में भारत रत्न लौह पुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयन्ती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर अपर निदेशक सूचना अंशुमान राम त्रिपाठी ने पं. दीनदयाल उपाध्याय सूचना परिसर सभागार में सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने सभी कार्मिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलायी।

इस अवसर पर अपर निदेशक सूचना श्री त्रिपाठी ने कहा कि सरदार पटेल ने विभिन्न रियासतों का एकीकरण किया और देश का वर्तमान स्वरूप उन्ही की देन है। सरदार पटेल ने भारत को एक बनाने के लिए अपने अद्वितीय संगठन और समर्पण के माध्यम से एक समृद्ध और एकीकृत राष्ट्र की राह में कदम बढ़ाया। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि भारत एक विविध और अद्वितीय देश है और एक साथ चलना हमारी शक्ति को और बढ़ाता है। इस अवसर पर वित्त एवं लेखाधिकारी रजनीकांत वर्मा, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार गुप्ता, उप निदेशक श्रीमती मधु ताम्बे, प्रभात शुक्ला एवं ललित मोहन, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, जितेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहेl