मथुरा। जनपद में रविवार से गरीब परिवार को फ्री राशन वितरण कार्यक्रम की शुरुआत हो गयी। प्रदेश स्तर पर शुरू हुई इस योजना के तहत होली तक लाभार्थियों को गेंहू ,चावल के अलावा चना रिफाइंड तेल और नमक भी दिया जा रहा है। रविवार को इस योजना की शुरुआत जिला अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने की। जनपद में राशन की 800 से ज्यादा दुकान हैं। यहां लाभार्थियों को प्रत्येक महीने गेंहू और चावल का वितरण किया जाता है। रविवार से अब लाभार्थियों को गेंहू -चावल के अलावा प्रत्येक राशन पर एक किलो नमक, एक किलो रिफाइंड तेल व एक किलो चना दिया गया। इस योजना के पहले दिन मथुरा जिले की 232 दुकानों पर राशन वितरण शुरू किया गया। होली तक हर महीने वितरण होने वाली इस योजना का जिला अधिकारी नवनीत चहल और मेयर डा. मुकेश आर्य बंधु आदि जनप्रतिनिधियों ने अपने अपने क्षेत्रों में शुभारंभ किया। जनपद की 232 दुकानों के अलावा बाकी दुकानों पर गेंहू चावल तो पहुंच गया लेकिन कहीं चना नहीं पहुंचा तो कहीं रिफाइंड तेल और कहीं नमक। जिस बजह से रविवार को यह योजना जिले में पूरी तरह शुरू नहीं हो सकी। जिन स्थानों पर यह सामिग्री मिल रही थी वहाँ लाभार्थियों की भीड़ दिखी लेकिन जहां सामान नहीं पहुंच पाया वहां से लाभार्थियों को दुकानदार द्वारा जानकारी देकर वापस किया जा रहा था।
बंगाली घाट के स्वामी नारायण मंदिर स्थित डीसीएफ की दुकान पर सुबह से भारी मात्रा में क्षेत्रिय महिला पहुंच गयी। मगर मशीन खराब होने का बहाना बनाकर राशन वितरण नही किया गया। धर्म नगरी वृंदावन में राशन की 13 दुकान हैं। जिनसे करीब 12 हजार राशन धारक लाभ ले रहे हैं लेकिन यहां 11 दुकान पर सामान न पहुंचने के कारण राशन वितरण शुरू ही नहीं हो सका। गौशाला नगर में श्याम सुंदर की दुकान पर लाभार्थियों की लाइन लगी थी। यहां करीब 850 लाभार्थियों को गेंहू चावल के अलावा रिफाइंड चना और नमक दिया जा रहा था लेकिन बड़े बगीचा, भट्टर भवन ,अनाज मंडी सहित अन्य दुकानों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। डबल राशन वितरण योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाले सामान के पैकेट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो है। इससे पहले प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री अन्न महोत्सव योजना में भी जो थैले वितिरत किये गए थे उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोटो था। अधिकांश दुकानों पर समान न पहुंचने पर जब जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 232 दुकानों पर खाद्यान्न पहुँच गया है जहां रह गया है वहां एक दो दिन में पहुंच जाएगा। 20 दिसम्बर तक शत प्रतिशत वितरण करा दिया जाएगा।