हिन्दू-मुस्लिम एकता का प्रतीक बना निगम का सामूहिक विवाह आयोजन : मंत्रोच्चार और कुरान की आयतों के बीच 118 जोड़ों हुए एक दूजे के
मथुरा। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के तहत आज जिले में सबसे बडा आयोजन नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा बीएसए इंजी कॉलेज प्रांगण में किया गया जहां निगम द्वारा पंजीकृत 86 जोड़ों के अलावा समाज कल्याण विभाग द्वारा पंजीकृत 32 जोड़ों को मिलाकर 118 जोड़ों के विवाह सम्पन्न कराये गये। उक्त पांडाल में जहां 112 हिन्दू समाज के जाड़ों ने मंत्रोच्चार के बीच 7 फेरे लिये वहीं मुस्लिम समाज के 6 जोड़ों को मौलवी ने निकाह पढाया।
उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप नगर निगम द्वारा आयोजित गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा बतौर मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने सभी जोड़ों को आशीर्वाद प्रमाण पत्र देकर आशीर्वाद दिया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा है सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति को मिलना चाहिए। सामूहिक विवाह कार्यक्रम के अंतर्गत भी बिना किसी भेदभाव के गरीब कन्याओं के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसमें हिंदू और मुस्लिम दोनों समाज के लोग शामिल हुए हैं। आगे भी भाजपा सरकार इसी तरीके के कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। इस अवसर पर विधायक पूरन प्रकाश मेयर डॉ. मुकेश आर्य बंधु व निगम के समस्त पार्षदों के अलावा नगर आयुक्त अनुनय झा सिओ सिटी अभिषेक तिवारी मुख्य रूप से शामिल हुए। बतादें कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकार द्वारा गरीब कन्याओं को 51 हजार की धनराशि दी गई है। जिसमें 31 हजार कन्याओं के खाते में दिया है। शेष धनराशि से विवाह के लिए सामान दिया गया है।
ऐसे आयोजन से सभी समुदायों के बीच प्रेम व भाईचारे की भावना होती हैं प्रबल: महापौर मुकेश
नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा बीएसए इंजी कॉलेज के प्रांगण में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में वर-वधु को अपना शुभाशीष प्रदान करते हुए महापौर मुकेश आर्य बंधु ने उक्त आयोजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से सभी समुदायों के बीच प्रेम व भाईचारे की भावना प्रबल होती है। नगर आयुक्त ने कहा कि निगम द्वारा इस तरह का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जहां विवाह-शादियों जैसे पवित्र संस्कारों पर अपनी जड़ें जमा चुकी दहेज प्रथा जैसी बुराईयों पर कड़ा प्रहार करने के लिए मील का पत्थर साबित होगा तो वहीं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बच्चों की शादी के प्रति चिंता से मुक्ति प्रदान करेगा। इससे पूर्व श्री झा ने वर -वधु को आर्शीवाद प्रदान किया। इस दौरान सत्येन्द्र कुमार तिवारी-अपर नगर आयुक्त, राज कुमार मित्तल-सहायक नगर आयुक्त, डी.के. सिंह-सहायक नगर आयुक्त, एस.के. गौतम, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, एस.पी. मिश्रा, अधिशासी अभियंता, उम्मेद सिंह-कर अधीक्षक, स्टेनो होशियार सिंह नगर निगम की टीम एवं भाजपा नेता राधाकृष्ण पाठक प्रदीप गोस्वामी चिंताहरण चतुर्वेदी हेमंत खंदौली सहित बड़ी संख्या में पार्षद मौजूद रहे । कार्यक्रम का संचालन देवप्रकाश शर्मा द्वारा किया गया।

खूब मिले उपहार
नगर निगम द्वारा आयोजित विवाह समारोह में निगम के पार्षदों एवं समाजसेवी लोगों ने मानवता की मिशाल पेश की। सभी ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर प्रत्येक जोड़े को उपहार स्वरूप कुछ न कुछ ग्रहस्थी का सामान भेंट किया। इसके अतिरिक्त नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा प्रत्येक वर को 1 हाथ घडी एवं वधू को 1 शॉल उपहार स्वरूप प्रदान की गयी है।
100 का लक्ष्य नहीं हो पाया पूरा
बीएसएस कॉलेज प्रांगण में जहां नगर निगम द्वारा 100 जोड़ों के विवाह कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था लेकिन कुछ जोड़ों के कार्यक्रम स्थल पर समय से न पहुंचने व निगम को कागजात समय से न उपलब्ध कराने के चलते रिपोर्ट आदि में विरोधाभास होने और कुछ की उम्र कम होने के कारण लक्ष्य पूरा नही हो सका इसलिए समारोह में निगम द्वारा पंजीकृत मात्र 86 और समाज कल्याण विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य 51 के सापेक्ष 32 जोडे़ ही कार्यक्रम में शामिल हो सके।

समारोह में रही’जीरो वेस्ट इवेंट‘ की थीम
स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 की गाइडलाइन्स के अनुरूप कार्यक्रम ‘‘जीरो वेस्ट इवेंट‘‘ की थीम पर आयोजित कराया गया है। कार्यक्रम के प्रबन्धक द्वारा कार्यक्रम में गीले कचरे के प्रबन्धन हेतु ऑन साइट कम्पोस्टर एवं सूखे कचरे के लिए नगर निगम द्वारा अधिकृत संस्था के रिसाइक्लिर्स द्वारा सूखा कचरे का निस्तारण कराया गया। परिसर में लगभग 25 जोडे सूखे एवं गीले कचरे के कूडेदान रखवाये गये। साथ ही लोगों को कचरा अलग-अलग कूडेदानों में डालने के लिए प्रेरित करने हेतु स्वच्छता मित्रों को प्रशिक्षित कर तैनात किया गया था। कम से कम वाहन कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित हों इसके लिए समस्त जोडों को कार्यक्रम स्थल तक आवागमन हेतु सामुहिक रूट वाइज बसें नगर निगम द्वारा लगायी गयी हैं, जिससे वाहनों से होने वाले प्रदूषण में भी कटौती की जा सकी।