छाता समाधान दिवस: ‘निर्दोषों पर नहीं होगी कार्रवाई, युवा न आएं बहकावे में’: डीएम

एसएसपी और डीएम ने क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों के साथ की अहम बैठक

सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रांतियों से बचने की अपील

किसान सभा ने जिलाधिकारी को सौंपा 9 सूत्रीय मांग पत्र।

पराली न जलाने और उसे प्रशासन को बेचने या दान करने का आग्रह

मथुरा/छाता। तहसील छाता में आयोजित ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ उस समय विशेष चर्चा का केंद्र बन गया जब जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपीश्लोक कुमार ने वहां पहुंचकर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। दो दिन पूर्व हुए घटनाक्रम के मद्देनजर अधिकारियों ने क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित कर शांति बनाए रखने की पुरजोर अपील की।

जिलाधिकारी सीपी सिंह ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर घटना को लेकर कई तरह की गलत धारणाएं और पोस्ट फैलाई जा रही हैं। उन्होंने गणमान्य व्यक्तियों से कहा कि वे अपने-अपने स्तर पर युवाओं को समझाएं और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दें कि प्रशासन केवल उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है जो वास्तव में घटना में शामिल थे। उन्होंने आश्वस्त किया कि ब्रज में किसी भी अप्रिय घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन पूरी तरह जनता के साथ है और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को न तो जेल भेजा जाएगा और न ही प्रताड़ित किया जाएगा।

समाधान दिवस के दौरान ‘किसान सभा’ के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की और अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही, आगामी गेहूं की कटाई के सीजन को देखते हुए किसानों से अपील की कि वे पराली (नरवाई) बिल्कुल न जलाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि किसान पराली को दान कर सकते हैं या अपने क्षेत्र के बीडीओ से संपर्क कर उसे सीधे प्रशासन को बेच सकते हैं।

बैठक और समाधान दिवस के दौरान एसडीएम वैभव गुप्ता, कोसीकलां नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, छाता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि फाल्गुन ठाकुर, पूर्व जिला उपाध्यक्ष दिगंबर सिंह समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य व्यक्ति और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अंत में दोहराया कि शांति व्यवस्था कायम रखने में जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।