Delhi Election : केजरीवाल सिसोदिया हारे, भाजपा की दिल्ली में जोरदार वापसी , पीएम बोले- विकसित भारत में दिल्ली की अहम भूमिका होगी

नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी ने जोरदार वापसी करते हुए आम आदमी पार्टी को धराशायी कर दिया है । चुनाव रिजल्ट के दिन शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर रही लेकिन फिर बीजेपी ने जोरदार निर्णायक बढ़त बना ली। पूर्ण बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनेगी इसका फैसला बस कुछ ही समय में होने वाला है। वैसे तो इस बार के एग्जिट पोल्स ने पहले यह सियासी हलचल तेज कर दी थी जिस पर अब मुहर लग गई है । जल्द ही आधिकारिक आंकड़े सामने आने वाले हैं । आम आदमी पार्टी लगातार चौथी बार सत्ता बचाने की कोशिश कर रही थी तो वहीं भारतीय जनता पार्टी को 27 साल बाद राजधानी में वापसी की उम्मीद थी । कांग्रेस इस बार भी खाता खोलने की जुगत में ही बनी रही । दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे पर केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने कहा हमने 10 साल में बहुत काम किया है। केजरीवाल ने बीजेपी को जीत के लिए बधाई दी। साथ ही कहा कि हम आगे भी लोगों के सुख-दुख में काम आएंगे। केजरीवाल ने कहा कि जनता का फैसला स्वीकार है ।

नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। नई दिल्ली सीट से पूर्व सीएम और आप प्रत्याशी अरविंद केजरीवाल हार गए हैं। भाजपा के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा जीत गए हैं। नजफगढ़ विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी नीलम पहलवान ने जीत दर्ज की है।

यूपीएससी परीक्षा की कोचिंग कराने वाले शिक्षक अवझ ओझा दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार गए हैं। उन्हें आम आदमी पार्टी ने पटपड़गंज से टिकट दिया था। यहां से ओझा 28072 के भारी अंतर से हारे हैं।

अवध ओझा को 45988 वोट मिले हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी के रवींद्र सिंह नेगी 74060 वोट लेकर अव्वल रहे हैं। इस सीट से भी कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा है। उसके उम्मीदवार अनिल कुमार को सिर्फ 16549 वोट मिले हैं।

अमित शाह ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट डालकर लिखा कि दिल्लीवासियों ने बता दिया कि जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने का गंदा पानी, टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है।

दिल्ली में मिली इस भव्य जीत के लिए अपना दिन-रात एक करने वाले दिल्ली के बीजेपी कार्यकर्ताओं को अमित शाह ने बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि चाहे महिलाओं का सम्मान हो, अनधिकृत कॉलोनीवासियों का स्वाभिमान हो या स्वरोजगार की अपार संभावनाएं, मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी।