मथुरा। मथुरा-वृन्दावन नगर निगम द्वारा 70 वार्डो की साफ़ सफाई व्यवस्था मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए करीब 3.52 करोड रू. के वाहन क्रय किये गये हैं जिनमें चार वैक्हो लोडर, एक पोकलेन मशीन तीन डम्पर ट्रक, 7 एच.पी. ट्रैक्टर चार हाइड्रोलिक ट्रॉली 03 डीएक्स वैक्हो लोडर एवं एक मोबाइल क्रेन क्रय की गयी है। नगर आयुक्त अनुनय झा के अनुसार इन वाहनों के माध्यम से नगर की सफाई व्यवस्था एवं नगला कोल्हू प्लांट पर वेस्ट प्रोसेसिंग कार्य सुदृढ किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया नगला कोल्हू स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट पर एकत्रित लगभग 2.60 लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट के निस्तारण हेतु नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा कार्यदायी संस्था ब्लैकवैरी ओवरसीज प्रा। लि. के माध्यम से दो ट्रॉमल की स्थापना का कार्य कराया गया है। द्वितीय ट्रॉमल के स्थापित होने से नगला कोल्हू साइट पर लगभग 1200 टन प्रतिदिन लीगेसी वेस्ट का निस्तारण कार्य होगा जिससे निर्धारित समयावधि अर्न्तगत सम्पूर्ण लीगेसी वेस्ट का निस्तारण सम्भव हो सकेगा। इन ट्रॉमल के माध्यम से लीगेसी वेस्ट का निस्तारण किया जायेगा। इसी क्रम में नगला कोल्हू प्लांट पर स्थापित द्वितीय ट्रॉमल का शुभारम्भ ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु एवं नगर आयुक्त महोदय अनुनय झा के कर कमलों से शुक्रवार को हुआ।