कोरोना संक्रमण के नए मामले मिलने के बाद मथुरा वृंदावन में श्रद्धालुओं की संख्या घटी

मथुरा। कान्हा की नगरी एक बार फिर कोरोना की दहशत में है। प्रतिदिन संक्रमण के नए मामले मिलने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या घटने लगी है। इसका सीधा असर होटल कारोबार पर पड़ रहा है। बुकिंग में करीब पचास फीसद कमी आई है। पुरानी बुकिंग भी 20 फीसद रद्द हो रही हैं। धर्मनगरी का कारोबार श्रद्धालुओं के आवागमन पर टिका है। बीते डेढ़ वर्ष कोरोना की चपेट से कारोबार पूरी तरह टूट गया था। ई-रिक्शा चालक से लेकर पंडा-पुजारी तक परेशान रहे। कोरोना के नए मामले सामने आने से श्रद्धालुओं के कदम ठिठकने लगे हैं। वे होटल संचालकों से फोन कर हालात के बारे में जानकारी कर रहे हैं। इस बार होटलों में बुकिंग फुल नहीं हो पाई।

कोविड के बढ़ते संक्रमण को देख स्वास्थ्य विभाग पहले ही होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को निर्देश जारी कर चुका है। जिन राज्यों या देशों में संक्रमण अधिक फैल रहा है वहां से आने वाले श्रद्धालुओं को कोविड की आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट और वैक्सीनेशन की दोनों डोज का सर्टिफिकेट देखने के बाद ही कमरा दिया जा रहा है। कोविड का असर होटल कारोबार पर पड़ने लगा है। करीब 20 फीसद पुरानी बुकिंग रद हो रही हैं तो नई बुकिग पर सीधा पचास फीसद तक असर पड़ा है। होटल कारोबार काफी दिनों बाद पटरी पर आया था लेकिन अब फिर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।