लग्न सगाई चढाकर वापिस लौट रहे दो दोस्त काल के हुए शिकार, कार पुलिया से टकराई

गोवर्धन। शराब पीकर कार चलाना दो दोस्तों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। गोवर्धन-बरसाना बाईपास मार्ग पर बीती रात नगला देविया के समीप एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 3 घायल हो गए। कार सवार बरसाना के सभी लोग मथुरा से लग्न सगाई चढाकर वापिस लौट रहे थे। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना गोवर्धन क्षेत्र स्थित गोवर्धन-बरसाना बाइपास मार्ग पर बीती रात नगला देविया के समीप मथुरा की तरफ से आ रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर बंबे के पुलिया से टकरा गई। हादसे में अर्टिगा कार सवार संजू पुत्र बाबू ठाकुर, सागर पुत्र नंदकिशोर निवासी बरसाना अपने दो मित्रों के साथ लग्न सगाई समारोह से गोवर्धन बाइपास होते हुए बरसाना लौट रहे थे। घटना में संजू व सागर की मौत हो गई जबकि सुधर सिंह, सुमित व श्याम सुंदर घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

बताया जाता है कि बरसाना निवासी राधा चरण की बेटी की लग्न करने युवक थाना रिफाइनरी क्षेत्र के परखम बेरी गांव गए हुए थे। यह लोग जब लग्न समारोह कर वापस लौट रहे थे तभी हादसा हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार से शराब की बोतल बरामद की। युवकों के मुंह से भी शराब की दुर्गंध आ रही थी। थानाध्यक्ष के अनुसार कार सवार युवक शराब के नशे में थे। इससे कार अनियंत्रित होने पर पुलिया से टकराई गी। कार में शराब की बोतल मिली है।