वृन्दावन में अब मल्टी लेबल पार्किंग पूर्व चयनित स्थान पर नहीं बनेगी
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृन्दावन की कार्यकारिणी समिति की बैठक में ड्रग वेयर हाउस के लिए जमीन एवं वृंदावन में नई जमीन पर मल्टी लेबल पार्किंग के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु की अध्यक्षता में नगर आयुक्त अनुनय झा की उपस्थिति में भूतेश्वर स्थित जलकल सभागार में शनिवार को सम्पन्न हुयी।
बैठक में सदन प्रभारी/सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल द्वारा 22 अक्टूबर को सम्पन्न कार्यकारिणी की बैठक की सम्पुष्टि हेतु प्रस्ताव पढ़कर कार्यकारिणी के समक्ष रखे गये, जिस पर सम्पुष्टि की सहमति व्यक्त की गयी।
कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित सम्मानित पार्षदगणों से विस्तृत चर्चा के उपरान्त सहायक नगर आयुक्त राज कुमार मित्तल द्वारा कार्यकारिणी को अवगत कराया गया कि जिलाधिकारी द्वारा अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के पत्र के क्रम में जनपदीय ड्रग वेयर हाउस स्वीकृति किया गया है जिसके निर्माण हेतु जनपद में उपयुक्त भूमि 5000 वर्ग मीटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं। इस पर समिति ने मौजा आटस बांगर भूमि में 5000 वर्ग मीटर भूमि ड्रग वेयर हाउस (स्वास्थ्य विभाग) को उपलब्ध कराये जाने हेतु सहमति व्यक्त की गयी।
दूसरे प्रस्ताव में राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अन्तर्गत मल्टी लेबल पार्किंग का निर्माण किये जाने हेतु वृन्दावन में पवन हंस के सामने भूमि का चिन्हांकन किया गया था परन्तु उक्त भूमि मल्टी लेबल पार्किंग के लिये सुविधाजनक न होने के कारण ग्राम राजपुर बांगर में 4534 वर्गमीटर भूमि (दारूक पार्किंग पीछे) मल्टी लेविल पार्किंग बनाये जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मिति से स्वीकृत किया गया ।
कार्यकारिणी की बैठक में उपसभापति राधाकृष्ण पाठक पार्षद कुलदीप सिंह श्रीमती नीलम गोयल राजवीर सिंह तिलकवीर चौधरी सूरज तौमर उमेश भारद्वाज श्रीमती मीरा मित्तल श्रीमती रश्मि शर्मा गोविन्द तथा नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थिति रहे।