लालू से दो कदम आगे निकले राजस्‍थान के मंत्री, बोले- हेमा मालिनी हुईं बूढ़ी, कैटरीना के गालों जैसी बने सड़कें

पटना । राजस्‍थान के सैनिक कल्‍याण मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने अभिनेत्री और मथुरा की भाजपा सांसद हेमा मालिनी की चर्चा की तो एक बार फिर लालू प्रसाद यादव चर्चा में आ गए हैं। कभी लालू ने बिहार की सड़कों को हेमा के गाल जैसा बनाने की घोषणा की तो काफी विवाद हुआ था। अब इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए राजस्‍थान के मंत्री ने कहा है कि वे अपने राज्‍य की सड़कें कटरीना कैफ के गाल जैसी खूबसूरत बनाएंगे। हेमा मालिनी तो अब बूढ़ी हो गईं हैं। विदित हो कि बिहार व राजस्‍थान ही नहीं, मध्‍यप्रदेश, छत्‍तीसगढ़ और यूपी के मंत्री व नेता भी हेमा मालिनी पर ऐसे बयान देते रहे हैं।

बताया जाता है कि मंगलवार को राजस्‍थान के झुंझनू में आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि सड़कें बननी चाहिए हेमा मालिनी के गाल जैसी। लेकिन बाद में मंत्री ने यह कहा कि हेमा मालिनी तो अब बूढ़ी हो गई हैं। लोगों से पूछा कि आजकल कौन अभिनेत्री है। लोगों ने कहा-कटरीना कैफ। तब उन्‍होंने पीडब्‍ल्‍यूडी के अधीक्षण अभियंता से कहा कि सुनो एसई साहब, सड़कें कटरीना कैफ के गालों जैसी बननी चाहिए।

बता दें कि हेमा मालिनी के गालों जैसी सड़क बनाने की घोषणा सन 2005 में तत्‍कालीन रेलमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने की थी। कहा था कि बिहार की सड़कें हेमा के गालों जैसी बनेंगी। इसके बाद खूब हंगामा हुआ। महिला विरोधी बताते हुए विपक्षी दलों ने उनकी आलोचना की थी। कहा था कि बिहार की सड़कें ओमपुरी के गालों जैसी है। हालांकि, लालू यादव ने बाद में कहा था कि यह उनका बयान नहीं था। ऐसा नहीं है कि केवल लालू प्रसाद ने ही हेमा मालिनी की चर्चा की। 2013 में यूपी के तत्‍कालीन मंत्री राजाराम पांडेय ने भी ऐसा बयान दिया था। दो वर्ष पहले 2019 में एमपी के तत्‍कालीन मंत्री पीसी शर्मा ने भी ऐसा ही ऐलान किया था। उसी वर्ष छत्‍तीसगढ़ में उस समय के मंत्री कवासी लखमा भी ऐसे बयानों को लेकर घिरे थे।