निगम के खिलाफ फिर से धरने पर बैठे प्रकाश चंद

मथुरा। मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के कन्ट्रोल रूम पर की जाने वाली शिकायतों को गंभीरता से न लेने सहित यमुना में गिर रहे नालों का संज्ञान न लेने पर समाज सेवी प्रकाश चंद अग्रवाल एक बार फिर आंदोलन की राह पर चल पडे है। धरना-प्रदर्शन के लिए चर्चित श्री अग्रवाल के मुताबिक गतदिनों उनके द्वारा यमुनापार के तिवारी पुरम क्षेत्र में सीवर व नालियों के पानी को सड़क पर बहने की शिकायत की थी। निगम के कन्ट्रोल रूम पर की गई उक्त शिकायत पर शिकायतों की सुनवाई कर रहे अवर अभियन्ता ने उन्हें टका सा जबाव दिया कि यह कार्य जलकल का है। इस जबाव से असन्तुष्ट श्री अग्रवाल ने जिलाधिकारी को पत्र द्वारा अवगत कराते हुए समस्या का निदान न होने पर धरना देने की बात कही थी।

समाजसेवी का कहना है कि यमुना में लगातार नाले गिर रहे है और निगम प्रशासन आंखें मूदे सब कुछ देखते हुए भी कोई कारगर कदम नही उठा रहा है। जब तक निगम द्वारा तिवारी पुरम और यमुना में गिरने वाले नालों को टेप नही किया जाता वह धरने पर बैठे रहेंगे। उन्होंने गुरूवार से तिवारी पुरम में पीपल के पेड़ के नीचे धरना प्रारम्भ कर दिया है। इस बारे में निगम अधिकारियों का कहना है की चाक पड़ी सीवर को खोलने के लिए नगर आयुक्त सख्त आदेश कर चुके है जिस पर काम शुरू हो गया है इसलिए धरना का कोई कारण नहीं बनता है।