मथुरा वृंदावन में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर नगर निगम गंभीर, परिक्रमा मार्गो पर 19 तक रहेंगे विशेष इंतजामत

इस बार रेन बसेराओ की संख्या बढ़ेगी, त्रिवेणी संस्था के कार्यों पर नाराजगी
मथुरा। मथुरा वृंदावन क्षेत्र में वायु प्रदूषण स्तर को ठीक करने के लिए नगर निगम सुबह शाम सड़क के दोनों ओर छिड़काव की व्यवस्था करने जा रहा है। इसके अलावा आने वाले समय में शीतकाल को देखते हुए 9 स्थानों पर रेन बसेरा बनाने की व्यवस्था शुरू की जा रही है वही परिक्रमा मार्गों पर कार्तिक पूर्णिमा 19 नवंबर तक साफ सफाई प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखे जाने के पूर्ण इंतजाम रहेंगे। ये निर्देश आज नगर आयुक्त अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट में निगम के अधिकारियों की बैठक में दिए हैं।

बैठक में नगर आयुक्त श्री झा ने वृन्दावन परिक्रमा मार्ग में पाथ-वे (कच्चे मार्ग) पर अस्थायी अतिक्रमण होने के कारण परिक्रमार्थियों को परेशानी का सामना शिकायत पर सहायक नगर आयुक्त लवकुश गुप्ता को निर्देशित किया कि वह उज्ज्वल ब्रज संस्था के साथ समन्वय बनाकर प्रतिदिन अभियान चलाये। इसके अतिरिक्त विशेष दिनों/पर्वों पर 02 पालियो में अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण को हटवाये। इसके अलावा 19 नव कार्तिक पूर्णिमा तक परिक्रमा मार्ग में सफाई, चूना, प्रकाश आदि का विशेष ध्यान रखा जाये।

नगर आयुक्त द्वारा आगामी समय में आने वाले सर्द मौसम को दृष्टिगत वृन्दावन नगर में अटल्ला चुंगी (स्थायी), परशुराम पार्क (स्थायी) एवं मथुरा नगर में बंगाली घाट(स्थायी), नगला कोल्हू(स्थायी), भूतेश्वर स्टेशन(स्थायी), भूतेश्वर तिराहा (अस्थायी), रेलवे जंक्शन कैंट (अस्थायी) पर रैन बसेरा के संचालन के अलावा मथुरा में गोवर्धन चौराहा एवं वृन्दावन में गांधी पार्क के पास अस्थायी रैन बसेरे का निर्माण कराये जाने के निर्देश दिया है। इस प्रकार अब निगम द्वारा 9 स्थानों पर रैन बसेरे का संचालन किया जायेगा।

बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के दृष्टिगत बाॅल पेंटिंग, शौचालय, डोर टू डोर कूडा कलैक्शन, वेस्ट प्रोसेसिंग, ट्रांसपोर्टेशन, आई.ई.सी. केम्पेनिंग आदि समस्त कार्य कराये जाने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए गये। कूडा जलाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ एफ.आई.आर. कराये जाने हेतु समस्त सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया गया। अपर नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार तिवारी को निर्देशित किया गया कि वृन्दावन नगर में रोड साइड पडे़ सीएण्डडी वेस्ट को हटवाने की कार्यवाही तत्काल कराई जाये। यमुनापार तिवारी पुरम में सीवर ओवरफ्लो समस्या का निस्तारण न कराये जाने पर नगर आयुक्त ने त्रिवेणी संस्था के कार्यों पर नाराजगी व्यक्त की है। नगर निगम के स्वामित्व की भूमि एवं तालाब व पोखर पर बोर्ड लगाये जाने की प्रगति की जानकारी ली गयी, साथ ही तालाब एवं पोखरों पर आबादी साइड से अनिवार्य रूप से तार फेंसिंग किये जाने हेतु निर्देशित किया है ।

विभागीय समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार तिवारी सहायक नगर आयुक्त राज कुमार मित्तल डी.के. सिंह लवकुश गुप्ता मुख्य अभियंता जितेन्द्र केन लेखाधिकारी डा. गीता कुमारी महाप्रबन्धक जलकल विजय नारायण मौर्य मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एस.के. गौतम अधिशासी अभियंता एस.पी. मिश्र रिजवान अहमद भूपेन्द्र कुमार परियोजना प्रबंधक कन्स्ट्रक्सन एवं डिजाइन सर्विसेज मथुरा सहायक अभियंता जल निगम प्रवीन माहेश्वरी के.पी. सिंह सहायक अभियंता मार्ग प्रकाश अनिल रंजन राधेश्याम नंदकिशोर राजकुमार दीपांकर सिंह मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक योगेश शर्मा आदि मौजूद रहे।