नगर निगम की ‘संभव’ जनसुनवाई में 16 शिकायतें मिलीं, तीन का मौके पर निस्तारण

मथुरा। नगर विकास मंत्री की पहल पर जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए शुरू किए गए ‘संभव’ संतुष्टि एवं समृद्धि कार्यक्रम के तहत मंगलवार को मथुरा-वृंदावन नगर निगम के विभिन्न जोन कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से भूतेश्वर जोन में तीन शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने शेष शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

27 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह ने जनसुनवाई की। वहीं वृंदावन जोन में सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा तथा सिटी जोन के जनरल गंज कार्यालय में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

भूतेश्वर जोन में कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सात शिकायतें लाइट और छह सफाई व्यवस्था से संबंधित थीं। अधिकारियों ने इनमें से एक लाइट और दो सफाई संबंधी शिकायतों सहित कुल तीन शिकायतों का निस्तारण कर दिया। वहीं वृंदावन जोन में तीन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें दो सफाई और एक जलकल विभाग से संबंधित थी।

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस दौरान अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह, महाप्रबंधक जलकल मोहम्मद अनवर ख्वाजा, मुख्य अभियंता निर्माण संजय सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल, पशु कल्याण अधिकारी संतोष पाल, कर निर्धारण अधिकारी अरविंद तथा प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल आरके सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।