पीलीभीत। जनपद के बरखेड़ा गांव में सामूहिक दुष्कर्म के पश्चात 16 वर्षीय छात्रा के साथ दरिंदगी कर आरोपियों द्वारा उसे जान से मार दिया गया। करीब 14 घंटे बाद उसका शव मिला जिसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। पुलिस ने दुर्दांत हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की दरिंदगी की गवाही देने वाले घटनास्थल को देख पुलिस भी हैरान रह गई है।
मामला बरखेड़ा थानाक्षेत्र के एक गांव का है जहां कक्षा 12वीं की एक छात्रा शनिवार सुबह पौने सात बजे घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकली थी लेकिन वह कोचिंग नहीं पहुंची और न ही कोचिंग के बाद स्कूल पहुंची। जब शाम साढ़े पांच बजे तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई।
परिवार वालों ने उसको सब जगह तलाश किया लेकिन जब कहीं कुछ पता नहीं चल सका तो पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने गांव के ही युवक के सचिन के खिलाफ बहला फुसला कर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसके बाद गांव में फिर से तलाश की गई। रात करीब 11 बजे गांव के बाहर नहर के किनारे गन्ने के खेत में नग्न अवस्था में उस छात्रा का शव मिला। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। प्राइवेट पार्ट से खून निकल रहा था। उसके शरीर पर और मुंह में भी चोटें थीं। स्कूल बैग, साइकिल और छात्रा के जूते पास में ही पड़े थे। बीयर की चार खाली बोतलें, नमकीन के खाली पैकेट और अधजली सिगरेट पड़ीं थीं। पिता की ओर से अज्ञात के विरूद्ध दर्ज कराई गई रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की बात कही गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।