सभी खुले नाले होंगे कवर, सफाई के लिए खरीदे जायेंगे वाहन, कुण्डों एवं तालाबों के जीर्णोद्धार से होगा जल संचयन, अंधेरे वाले स्थानों पर लगेंगी नई लाइट
मथुरा। 15 वे वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से नगर निगम मथुरा-वृन्दावन क्षेत्रान्तर्गत विकास कार्य कराये जाने हेतु एक बैठक महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में हुई जिसमें नगर निगम क्षेत्रार्न्तगत वार्डों में कराये जाने वाले विभिन्न कार्यों हेतु स्वीकृति प्रदान की गयी।
इस संबंध में नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया की विभिन्न क्षेत्रों में नाली, नाला एवं सडक आदि निर्माण कराये जाने हेतु पार्षद एवं जनप्रतिनिधियों की मांग पर 48 मार्गों के नाली व सडक निर्माण कार्य धनराशि 11.50 करोड के कार्य स्वीकृत किये गये है वहीं प्रकाश व्यवस्था को लेकर विभिन्न स्थानों पर 92 लाख रु के कार्य कराये जायेंगे। इसके अतिरिक्त प्रकाश विभाग हेतु दो टावर लैडर एवं एक मिनी ट्रक 1.50 करोड रु में क्रय किये जायेंगे ।
नगर आयुक्त श्री झा के मुताबिक नगर निगम मथुरा-वृन्दावन सीमान्तर्गत विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल समस्या एवं सीवरेज की समस्या के निस्तारण हेतु पाइप लाइन विस्तार, सीवर लाइन बिछाये जाने का कार्य एवं नवीन सीवेज पंपिंग स्टेशन निर्माण कार्य व क्षतिग्रस्त सीवरेज पंपिंग स्टेशन के पुनरोद्धार हेतु 14 करोड रू. के कार्य स्वीकृत किये गये। इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्रार्न्तगत आधुनिक मशीनों के माध्यम से सीवर सफाई हेतु 6 नवीन मशीनें भी खरीदी जायेंगी। वार्ड सं0 01, 13, 14 के वेस्ट वाटर को रिसाईकिल किये जाने हेतु नाला की क्षमता बढाये जाने के लिए धनराशि 2.50 करोड रु व्यय होंगे । इस कार्य में रिसाइक्लिंग के उपरांत जल का प्रयोग सिंचाई के लिए किया जायेगा। 2 करोड रूपये से नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत कुण्डों एवं तालाबों के जीर्णोद्धार जल संचयन क्षमता सम्बर्धन कार्य किया जायेगा। विभिन्न वार्डो में नाला कवर करने के लिए 1.30 करोड रु की स्वीकृति प्रदान की गयी।
बैठक में सचिव मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण राजेश कुमार अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानंद पांडेय मुख्य अभियंता निर्माण महाप्रबन्धक जल अधिशासी अभियंता सिविल अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं लेखाधिकारी नगर निगम डा. गीता कुमारी मौजूद रहे ।