कार से लाइसेंसी पिस्टल चोरी, कोतवाल ने उल्टा पीड़ितों को बिठाया हिरासत में

-डरा धमकाकर पिस्टल गिर जाने की तहरीर लिखवाने पर छोड़ा
-घटना के छह दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं
-पीड़ित ने की एसएसपी व जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत में इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्यवाही की मांग

मथुरा। जनपद के मलाईदार थाने के नाम से विख्यात रिफायनरी थाने के इंस्पेक्टर की दबंगई सिर चढ़कर बोल रही है। हाल ही प्रकाश में आए ताजा मामले के अनुसार छह दिन पूर्व थाना रिफाइनरी क्षेत्र अंतर्गत खड़ी कार से हुई लाइसेंसी पिस्टल चोरी की घटना की सूचना देने पहुंचे पीड़ित और उसके चचेरे भाई के साथ ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर पर गाली गलौज करने, मारपीट की घटना को अंजाम देने व थाने में तीन घण्टे तक पीड़ित और उसके चचेरे भाई को हिरासत में रख काफी मिन्नतें करने के बाद छोड़ने व पीड़ितों की हिरासत में जामातलाशी कर सारा सामान भी जब्त करने और डरा धमकाकर पिस्टल गिर जाने की तहरीर लिखवाने का आरोप लगा है। मजेदार बात ये भी है कि दबाव डालकर लिखवाई गई तहरीर पर भी कोई रिपोर्ट अभी तक दर्ज नहीं की गई है। इंस्पेक्टर द्वारा रोज टालने से परेशान होकर पीड़ित ने एसएसपी मथुरा व जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करते हुए चोरी गई लाइसेंसी पिस्टल की रिपोर्ट दर्ज कराने, पिस्टल की बरामदगी और तानाशाह आरोपी प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करने की गुहार लगाई है।

कार से लाइसेंसी पिस्टल चोरी हो जाने व प्रभारी निरीक्षक थाना रिफाइनरी द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने के संबंध में जितेंद्र प्रताप सिंह पुत्र दीवान सिंह निवासी जैंत थाना वृंदावन ने एसएसपी व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ ही जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया है कि 5 अक्टूबर को करीब शाम 5 बजे अपनी कार एक्सयूवी नंबर यूपी 85 बीयू 0080 को मथुरा रिफायनरी गेट नंबर एक के सामने खड़ी कर गर्ग प्रिंटिंग प्रेस पर अपने आवश्यक कार्य से चले गए। जल्दबाजी में उनकी पिस्टल गाड़ी में ही रखी रह गई। जैसे ही वह अपना आवश्यक कार्य कर वापिस लौट कर आए तो उन्हें अपनी पिस्टल गायब मिली। घटना के समय उनके साथ गांव जैंत निवासी संजय पुत्र भगीरथ भी मौजूद थे। जिसके बाद उसी दिन इस घटना की जानकारी देने वह और उनके चचेरे भाई हरेंद्र प्रताप थाना रिफाइनरी प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दी और रिपोर्ट दर्ज करने का आग्रह किया तो घटना को सुनते ही एसओ लोकेश भाटी आग बबूला हो गए और गाली गलौच करते हुए मारपीट कर डाली और गंदी-गंदी गालियां दीं तथा जामा तलाशी लेकर सारा सामान जमा कर तीन घण्टे तक हिरासत में रखा। काफी मिन्नत करने पर सुपुर्दगी में छोड़ा। बुरी तरह प्रताड़ित कर डरा धमकाकर कहा कि साले तू कहीं शराब पीकर पिस्टल को गिरा आया है। गिर जाने की तहरीर लिख नहीं तो अभी दोनों लोगों को जेल भेज दूंगा। मजबूरी में पीड़ित ने भय के कारण पिस्टल गिर जाने की तहरीर लिखकर दे दी लेकिन इस तहरीर को भी प्रभारी निरीक्षक ने अभी तक दर्ज नहीं किया है।

पीड़ित जितेंद्र सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर लोकेश भाटी से रोज रिपोर्ट की बाबत अपडेट लेते हैं तो उन्हें रोज कल की कहकर टाला जा रहा है। इंस्पेक्टर के इस व्यवहार से वह बेहद परेशान हो चुके हैं क्योंकि कोई भी व्यक्ति जिसने भी उनकी लाइसेंसी पिस्टल चोरी की है का गलत उपयोग कर सकता है।

इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी श्री भाटी ने बताया कि पीड़ित के मारपीट आदि के आरोप असत्य और निराधार है जांच में इनके द्वारा किसी भी प्रकार का कोई सहयोग नहीं किया जा रहा। बार-बार बुलाने पर टालमटोल करते हैं फिलहाल पुलिस ने पिस्टल कहीं गिरने की सूचना दर्ज कर ली है।