कोसी-कोटवन औद्योगिक क्षेत्र में केनरा बैंक की नई शाखा का उद्घाटन

मथुरा। कोसी कोटवन औद्योगिक क्षेत्र में केनरा बैंक की नई शाखा ‘कोसी -कोटवन शाखा’ का उद्घाटन केनरा बैंक अंचल कार्यालय, आगरा के महाप्रबंधक जोगिंदर सिंह घनगस द्वारा किया गया। इस शाखा को खोलने का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के उद्योगपतियों एवं अन्य ग्राहकों को सभी प्रकार की बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है। मथुरा में यह 58वीं शाखा है।
बैंक अधिकारियों ने उद्घाटन समारोह में आए ग्राहकों को बैंक की उपलब्धियों के बारे में बताया तथा खाता खोलने की अपील की। बताया कि केनरा बैंक देश के सार्वजनिक क्षेत्र का दूसरा सबसे बड़ा बैंक है, जिसकी देश में लगभग 10 हजार शाखाएं है। बैंक देश भर में अपने तीस हजार बैंकिंग टच प्वाइंट्स के माध्यम से आम जनता को बैंकिंग सेवाएं दे रहा है। बैंक को दो हजार खाते खुलने की उम्मीद है। इस अवसर पर केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय उपमहाप्रबंधक मनु पांडेय ने बैंक प्रणाली के बारे में लोगों को जानकारी दी।
इस मौके पर मंडल प्रबंधक वरुण गोयल, मंडल प्रबंधक मानस कुमार वर्मा, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ताराचंद चावला के अलावा कोसी कोटवन क्षेत्र के चन्द्रभान चौधरी, सुभाष चन्द्र अग्रवाल, मानवेन्द्र सिंह, वीएस मित्तल के अलावा अनेक उद्योगपति एवं ग्राहक उपस्थित रहे।